डॉ. निधि शर्मा को ‘एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड–2026’, रानीखेत महाविद्यालय का बढ़ा गौरव।शिक्षा, शोध और नवाचार में उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान।
रानीखेत/उत्तराखंड (खबर धमाका)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत की रसायन विज्ञान विभाग की डॉ. निधि शर्मा ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक एवं शोध उपलब्धियों से महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। शिक्षा, शोध, नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें प्रतिष्ठित ‘Education Excellence Award–2026’ से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान I2OR–Nation Builder Award 2026 के अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस, 15 अगस्त 2026 के अवसर पर वर्चुअल माध्यम से प्रदान किया गया। International Institute of Organized Research (I2OR) से संबद्ध यह सम्मान शिक्षा, शोध, नवाचार, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रदान किया जाता है।
डॉ. शर्मा का शैक्षणिक और शोध सफर उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने Ben-Gurion University of the Negev, Israel में Kreitman Post-Doctoral Research Fellow के रूप में शोध किया है। इसके अलावा वे IIT रुड़की के रसायन विज्ञान विभाग में SERB-National Post-Doctoral Fellow भी रह चुकी हैं।
उन्होंने IIT मद्रास से रसायन विज्ञान में पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की। उनका शोध पैलेडियम नैनोपार्टिकल्स तथा कार्बोनाइलेशन और ऑक्सीडेटिव एनुलेशन जैसी आधुनिक संश्लेषण विधियों पर केंद्रित रहा। इससे पूर्व उन्होंने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर से रसायन विज्ञान में एम.एससी. की उपाधि प्राप्त की।
विज्ञान लोकप्रियकरण में भी सक्रिय भूमिका
शोध और अध्यापन के साथ डॉ. निधि शर्मा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए भी सक्रिय हैं। वे महाविद्यालय के Science Popularisation Cell की सदस्य हैं और सेल द्वारा आयोजित विज्ञान लोकप्रियकरण गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान देती रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान एवं शोध से जोड़ने के उद्देश्य से कार्यशालाओं तथा विभिन्न वैज्ञानिक-अकादमिक कार्यक्रमों के आयोजन में भी सक्रिय भूमिका निभाई है।
पहले भी मिल चुके हैं कई प्रतिष्ठित सम्मान
यह डॉ. शर्मा की उपलब्धियों की श्रृंखला में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वर्ष 2025 में उन्हें 20वीं उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी कांग्रेस (USSTC-2025) में Young Scientist Award–2025 से सम्मानित किया गया था। इसके अतिरिक्त IIT मद्रास में कार्बनिक रसायन विज्ञान की सर्वश्रेष्ठ पीएच.डी. थीसिस के लिए उन्हें Prof. G. Sundararajan Endowment Prize भी प्राप्त हो चुका है। उन्होंने CSIR-NET JRF (Chemical Sciences) में अखिल भारतीय स्तर पर 60वीं रैंक हासिल करने के साथ GATE परीक्षा भी उत्तीर्ण की है।
डॉ. शर्मा के प्रमुख शोध क्षेत्रों में पर्यावरण-अनुकूल उत्प्रेरक, पौधों एवं जैव-अवक्रमणीय पदार्थों की सहायता से नैनोपार्टिकल्स का विकास, बाइमेटैलिक ट्रांजिशन-मेटल नैनोपार्टिकल्स, हाइड्रोजन उत्पादन के लिए इलेक्ट्रोकैटेलिसिस तथा पुनः उपयोग किए जा सकने वाले धातु उत्प्रेरकों का विकास शामिल है। वे औषधीय महत्व के यौगिकों, हेटरोसाइक्लिक यौगिकों और नई सिंथेटिक विधियों के विकास पर भी शोध कर रही हैं।
डॉ. निधि शर्मा की यह उपलब्धि न केवल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत के लिए गौरव का विषय है, बल्कि उत्तराखंड के उच्च शिक्षा एवं शोध जगत के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनका कार्य युवा विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को विज्ञान, शोध और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
