Latest:
उधमसिंह नगर

*80वें स्वतंत्रता दिवस पर एसएसपी अजय गणपति ने किया ध्वजारोहण, अमर शहीदों को किया नमन — राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा एवं सुरक्षा का लिया संकल्प* *‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश*

*80वें स्वतंत्रता दिवस पर एसएसपी अजय गणपति ने किया ध्वजारोहण, अमर शहीदों को किया नमन — राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा एवं सुरक्षा का लिया संकल्प*

*‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश*

रुद्रपुर(खबर धमाका)। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन एवं गौरवपूर्ण अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर श्री अजय गणपति द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन रुद्रपुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ एवं राष्ट्रीय गान ‘जन गण मन’ की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति के वातावरण से सराबोर हो उठा।

इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों एवं वीर सेनानियों के अदम्य साहस, त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत एसएसपी महोदय द्वारा उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता एवं सुरक्षा की रक्षा हेतु पूर्ण निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प दिलाया गया।

*एसएसपी अजय गणपति का संदेश*

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने समस्त पुलिस परिवार एवं जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता अनगिनत वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। पुलिस बल का सर्वोच्च दायित्व है कि पूर्ण निष्ठा, निष्पक्षता, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यपरायणता के साथ जनता की सेवा और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करने के लिए सदैव तत्पर रहें।

*सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मी हुए सम्मानित*

कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक तथा पुलिस महानिदेशक (DGP) प्रशस्ति डिस्क प्राप्त करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। उनके नामों की घोषणा कर पुलिस बल का उत्साहवर्धन किया गया।

*जनपदभर में सम्मानपूर्वक हुआ ध्वजारोहण*

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद ऊधम सिंह नगर के समस्त थानों, चौकियों, कार्यालयों एवं फायर स्टेशनों में संबंधित प्रभारियों एवं अधिकारियों द्वारा सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस दौरान पुलिस कर्मियों को राष्ट्र सेवा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प दिलाया गया।

*‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण*

स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर एसएसपी श्री अजय गणपति द्वारा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

इस गरिमामय समारोह में पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर, पुलिस उपाधीक्षक रुद्रपुर, पुलिस उपाधीक्षक पंतनगर, पुलिस उपाधीक्षक सितारगंज, प्रतिसार निरीक्षक सहित जनपद के तमाम पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।