कांवड़ मेला व चेहल्लुम को सकुशल संपन्न कराने की व्यापक तैयारी, एसएसपी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।जनपद में चलेगा “ऑपरेशन क्लीन स्वीप”, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
रुद्रपुर(खबर धमाका)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति द्वारा आगामी कांवड़ मेला एवं चेहल्लुम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई।
ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत अपराधियों व असामाजिक तत्वों पर रहेगी कड़ी कार्रवाई
एसएसपी ने निर्देशित किया कि जनपद के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में वृहद स्तर पर “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों, हिस्ट्रीशीटरों, वारंटियों, अराजक तत्वों एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। होटल, ढाबों, धर्मशालाओं, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, किरायेदारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया जाए।
यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था रहेगी और अधिक सुदृढ़
कांवड़ मेला एवं चेहल्लुम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार गश्त एवं प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग रहेगी तेज, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
➡️ एसएसपी महोदय ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं, अफवाहों एवं आपत्तिजनक पोस्टों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साइबर सेल एवं स्थानीय पुलिस द्वारा 24×7 सोशल मीडिया मॉनिटरिंग की जाएगी तथा माहौल खराब करने अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
*एसएसपी के प्रमुख निर्देश*
धार्मिक स्थलों एवं जुलूस मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में लगातार पुलिस की मौजूदगी एवं निगरानी सुनिश्चित की जाए।
होटल, ढाबों, धर्मशालाओं एवं किरायेदारों का सघन सत्यापन किया जाए।
ड्यूटी पर तैनात प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी समयबद्ध एवं अनुशासित तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली प्रत्येक संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल संज्ञान लिया जाए।
किसी भी सूचना पर त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित किया जाए।
शांति समिति के सदस्यों, धर्मगुरुओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ सतत समन्वय बनाए रखा जाए।*जनपद पुलिस रहेगी हाई अलर्ट मोड पर*
बैठक के अंत में एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि आगामी कांवड़ मेला एवं चेहल्लुम जनपद के महत्वपूर्ण आयोजन हैं। इन दोनों पर्वों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना ऊधमसिंहनगर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा तथा संपूर्ण जनपद पुलिस हाई अलर्ट मोड पर रहकर प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखेगी।
