Latest:
उधमसिंह नगर

छात्र को गोली मारने के मामले में चार लोगों पर मुकदमा।छात्र संघ चुनाव के प्रचार को लेकर विवाद था हुआ।देखिए गोली कांड में कौन-कौन था शामिल 

रुद्रपुर(खबर धमाका)। कोतवाली क्षेत्र के बगवाड़ा कस्बे में छात्र संघ चुनाव के प्रचार को लेकर हुए विवाद के बाद फायरिंग में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित के पिता की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक बगवाड़ा भट्टा निवासी विनोद ने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में कहा कि उसका पुत्र राजेन्द्र शनिवार शाम अपने दोस्तों के साथ बगवाड़ा कस्बे में मौजूद था। इसी दौरान छात्रसंघ चुनाव की वोटिंग को लेकर उसकी हिमांशु कश्यप उर्फ जस्सी और उसके साथियों के साथ कहासुनी और गाली-गलौज हो गई। जब गांव के कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना देने की बात कही, तो उक्त युवक धमकी देकर भाग गए। बताया कि कुछ देर बाद दोबारा हिमांशु कश्यप अपने तीन अन्य साथी रविकेश यादव निवासी भदईपुरा, रवि दिवाकर निवासी प्रीत विहार,अरुण गुप्ता निवासी रम्पुरा के साथ एक स्विफ्रट कार में मौके पर पहुंचे । उस राजेन्द्र अपने दोस्तों के साथ सड़क किनारे डिवाइडर पर बैठा हुआ था। आरोप है कि चारों ने एक राय होकर राजेन्द्र पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। गोली उसके बाएं जांघ में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुत्र को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। एसएसआई नवीन बुधानी ने बताया कि पीड़ित के पिता की तहरीर पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि मौके से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और घटना में प्रयुक्त वाहन तथा हथियार की भी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि छात्र संघ चुनाव के प्रचार को लेकर विवाद हुआ था। आरोपियों की गिरफ्रतारी के लिए पुलिस टीमें गठित की जा चुकी हैं। जल्दी ही आरोपी पुलिस के शिकंजे में होंगे।