रुद्रपुर में सरकार की सद्बुद्धि के लिए कांग्रेसियों ने किया हनुमान चालीसा का पाठ
रुद्रपुर(खबर धमाका)। जंतर मंतर, दिल्ली में निर्दोष छात्रों पर केंद्र सरकार के निर्देश पर किए गए कथित लाठीचार्ज, आंसू गैस के प्रयोग तथा महिलाओं के साथ कथित अशोभनीय व्यवहार के विरोध में एवं केंद्र सरकार की बुद्धि-शुद्धि की कामना के लिए आज रुद्रपुर की गल्ला मंडी स्थित श्री पंचमुखी बालाजी मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस के पार्षदों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर देश में शांति, सद्बुद्धि एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के उपरांत वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय जुनेजा ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार छात्रों की आवाज़ दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा दें तथा जंतर मंतर पर छात्रों के साथ हुई कथित घटना और लाठीचार्ज को लेकर देश के प्रधानमंत्री सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
कांग्रेस नेता मोहनखेड़ा ने भी अपने संबोधन में कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनकी बातों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज केंद्र सरकार जिस प्रकार का व्यवहार कर रही है, वैसा व्यवहार ब्रिटिश शासन के दौरान भी देखने को नहीं मिला था। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज़ को दबाने के बजाय उसका सम्मान किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम का समापन हनुमान जी की आरती एवं देश में शांति, सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की प्रार्थना के साथ हुआ।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय जुनेजा,मोहन खेड़ा, पार्षद गौरव खुराना, जहांगीर कुरैशी, मुनीश गिरी,मोनिका ढाली, सोफिया नाज, अनंत विश्नोई,अंकिता अधिकारी, दिनेश पंत पवन वर्मा,राजेंदर मिश्रा, अमित अरोरा,नवीन खेतवाल, रणजीत राणा,रोहित चौहान, विजय पुजारा, संजय गुप्ता,सहित अनेको कांग्रेस जन उपस्थित थे
