पुलिस का विदेश भेजने के नाम पर ठगी के खेल का पर्दाफाश,ठग गिरफ्तार। दुबई में नौकरी का झांसा देकर दो लाख की नगदी ठगी का आरोप,जेड ग्लोबल” कार्यालय से 61 पासपोर्ट,अवैध पिस्टल बरामद।
रुद्रपुर(खबर धमाका)। कोतवाली पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर ठगी के खेल का पर्दाफाश करते हुए ठगी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कार्यालय से पांच दर्जन से अधिक पासपोर्ट, एक पिस्टल समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए। पुलिस उसे जेल भेजने की कार्रवाई कर रही है। एसएसपी ने बताया कि वार्ड 21 रुद्रपुर निवासी मुजाहिद पुत्र भूरे खान ने कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर देते हुए प्रीत विहार, रुद्रपुर निवासी अलीम खान पर विदेश भेजने के नाम पर ठगी का आरोप लगाया। बताया कि अलीम का आवास विकास, रुद्रपुर में जेड ग्लोबल” के नाम से कार्यालय है। अलीम पर दुबई में नौकरी दिलाने एवं वर्क परमिट पर विदेश भेजने का झांसा दिया। एसएसपी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी। पीड़ित के मुताबिक अलीम की बातों पर विश्वास करके उसने जेवर बेचकर दो लाख रुपए दिए। आरोप लगाया कि अभियुक्त ने उसे वर्क परमिट के स्थान पर विजिटर वीजा पर दुबई भेज दिया तथा वीजा को एडिट कर वर्क वीजा जैसा दिखाया गया। वह दुबई पहुंचा तो वीजा की वास्तविक स्थिति का पता चला। जिस कारण उसे वहां कठिनाइयों का सामना करना पड़ा तथा जुर्माना भी भरना पड़ा। वह किसी तरह भारत वापस लौटा। आरोप लगाया कि रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के मुताबिक केवल 30 हजार वापस किए। शेष रुपए लौटाने से मना कर दिया।उपनिरीक्षक धीरज टम्टा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अभियुक्त को उसके आवास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 61 पासपोर्ट, एक डायरी,32 बोर का एक अवैध पिस्टल बरामद हुई।पुलिस बरामद सभी पासपोर्ट एवं डायरी को विधिक प्रक्रिया के तहत कब्जे में लिया है। टीम में एसआई नरेश पंत,हेड कांस्टेबल राजकुमार,महेंद्र कुमार आदि पुलिस कर्मी शामिल रहे।

