48 घंटे में खुला राज,पत्नी ही निकली कातिल।प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने कराई पति की हत्या, सड़क हादसे का दिया रूप
नरेन्द्र राठौर(खबर धमाका)। ऊधम सिंह नगर के काशीपुर क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला पुलिस की जांच में सनसनीखेज हत्याकांड निकला। जिस घटना को शुरुआत में सड़क हादसा माना जा रहा था, उसके पीछे मृतक की पत्नी की ही साजिश सामने आई। पुलिस के अनुसार, पत्नी ने अपने किशोर प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और वारदात के बाद उसे सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।

पुलिस ने मामले का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दोनों किशोरों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल तमंचा, खोखे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
धान के खेत में कार के अंदर मिला था खून से लथपथ शव
17 अगस्त को प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क किनारे धान के खेत में एक शिफ्ट डिजायर कार संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी मिली थी। कार के अंदर एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान ग्राम बाजावाला, डकिया नंबर-1, कुंडेश्वरी निवासी संजीव कुमार के रूप में हुई।
पहली नजर में मामला सड़क हादसा लग रहा था, लेकिन पुलिस की जांच में कई सवाल खड़े होने लगे।
पोस्टमार्टम ने बदली पूरी कहानी
मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब पोस्टमार्टम के दौरान मेडिकल पैनल को शरीर में गोली लगने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने सड़क हादसे की थ्योरी को किनारे कर हत्या के एंगल से जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने मृतक की पत्नी निशा से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसके बयानों में विरोधाभास सामने आए, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। इसके बाद मृतक की टेंट की दुकान पर काम करने वाले दो किशोरों से पूछताछ की गई।
पूछताछ में सामने आई पूरी साजिश
एसएसपी अजय गणपति के अनुसार, कड़ी पूछताछ में दोनों किशोरों ने कथित तौर पर वारदात से जुड़ी अहम जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी से पूछताछ की तो पुलिस के मुताबिक उसने भी साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली।
जांच में सामने आया कि संजीव कुमार की ग्राम थारी, रामनगर में टेंट की दुकान थी, जहां दोनों किशोर काम करते थे। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी का दोनों में से एक किशोर के साथ प्रेम प्रसंग था। आरोप है कि इसी प्रेम संबंध के चलते पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
जन्मदिन की पार्टी के बहाने निकले, रास्ते में मार दी गोली
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त को संजीव कुमार अपनी पत्नी और दोनों किशोरों के साथ जन्मदिन की पार्टी के लिए कार से निकले थे। कार संजीव चला रहा था।
आरोप है कि रास्ते में पीछे बैठे किशोर ने संजीव को सटाकर गोली मार दी। गोली लगने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने कार को सुनसान स्थान पर सड़क किनारे खड़ा किया और घटना को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश करते हुए मौके से फरार हो गए।
हत्या के बाद पत्नी ने दो किशोरों पर ही दर्ज करा दी रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद मृतक की पत्नी ने दोनों किशोरों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट भी दर्ज कराई, लेकिन पोस्टमार्टम में गोली लगने की पुष्टि और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों ने पूरी कहानी पलट दी।
CCTV फुटेज, पूछताछ और अन्य साक्ष्यों को जोड़ते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंची और महज 48 घंटे में हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया।
तमंचा, खोखे और कारतूस बरामद
पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी को गिरफ्तार किया है, जबकि दोनों किशोरों को हिरासत में लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल तमंचा, खोखे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने मामले का 48 घंटे में खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना की है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
एक सड़क हादसा समझी जा रही मौत के पीछे जब प्रेम, साजिश और हत्या की कहानी सामने आई तो पुलिस भी हैरान रह गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बदली जांच की दिशा और 48 घंटे में खुल गया पूरा राज।
