खरगे की हल्द्वानी रैली से कांग्रेस का चुनावी बिगुल, 2027 मिशन पर फोकस
रुद्रपुर(खबर धमाका)।उत्तराखंड कांग्रेस ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज कर दिया है। 8 अगस्त को हल्द्वानी में होने वाली कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रस्तावित जनसभा को लेकर पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं।
रुद्रपुर में आयोजित मीडिया वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि हल्द्वानी की जनसभा उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास की सबसे बड़ी सभाओं में शामिल होगी और यही कार्यक्रम 2027 विधानसभा चुनाव अभियान का औपचारिक आगाज बनेगा। उन्होंने बताया कि जनसभा की तैयारियों को लेकर प्रदेशभर में बैठकों का दौर जारी है और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं।
वहीं चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और पेपर लीक जैसे मुद्दों को उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है और युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि हल्द्वानी की यह जनसभा संगठन को नई ऊर्जा देगी और आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की राजनीति में बड़ा संदेश देने का काम करेगी। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।