Latest:
उधमसिंह नगर

*एसएसपी अजय गणपति का देर रात्रि औचक निरीक्षण,निजी वाहन से स्वयं निकले हाईवे चेकिंग पर**चेकिंग ड्यूटी में शिथिलता बरतना तथा ड्यूटी प्वाइंट की गलत लोकेशन बताना पुलिसकर्मियों को पड़ा भारी, ड्यूटी में लापरवाही पर तत्काल किया निलंबन**09 पुलिसकर्मियों को किया निलंबित, 04 पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण तलब*

रुद्रपुर(खबर धमाका)। रात्रि में फायरिंग की सूचना प्राप्त होने पर पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से बताया गया कि पंतनगर क्षेत्र के पास एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवकों द्वारा एक व्यक्ति पर फायरिंग की गई है तथा उक्त वाहन काशीपुर की ओर जाता हुआ देखा गया है। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम द्वारा थाना पंतनगर सहित रुद्रपुर से जसपुर बॉर्डर तक सभी थाना प्रभारियों को हाईवे पर तत्काल सघन चेकिंग एवं नाकाबंदी करने के निर्देश दिए गए।

इसी दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर श्री अजय गणपति स्वयं देर रात्रि लगभग 12:00 बजे निजी वाहन से हाईवे पर स्थापित विभिन्न चेकिंग प्वाइंटों का औचक निरीक्षण करने निकल पड़े।

निरीक्षण के दौरान महतोष, सरकड़ी तिराहा, दोराहा तथा परमानन्दपुर हाईवे पर स्थापित चेकिंग प्वाइंटों पर तैनात रात्रि अधिकारी, चीता मोबाइल एवं गश्त पार्टी के पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थलों से अनुपस्थित पाए गए। कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा कंट्रोल रूम एवं वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी ड्यूटी प्वाइंट की गलत लोकेशन भी बताई गई, जबकि वास्तविकता में वे निर्धारित स्थान पर मौजूद नहीं थे तथा चेकिंग ड्यूटी के दौरान गंभीर लापरवाही बरत रहे थे। इससे स्पष्ट हुआ कि ड्यूटी एवं चेकिंग के दौरान गंभीर अनुशासनहीनता और आदेशों की अवहेलना की जा रही थी।

इस गंभीर अनुशासनहीनता, ड्यूटी के प्रति उदासीनता तथा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति ने संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से 09 पुलिसकर्मियों को निलंबित करने तथा 04 पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण तलब करने की कार्रवाई की गई।

*एसएसपी अजय गणपति का कड़ा संदेश*

➡️ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि जनपद में पुलिस ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन की सुरक्षा, अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।