Latest:
उधमसिंह नगर

बिंदुखेड़ा–छतरपुर डाम कॉलोनी रोड की बदहाल स्थिति पर फूटा स्थानीय लोगों का गुस्सा, कीचड़ में धान रोपकर किया प्रदर्शन

रुद्रपुर(खबर धमाका)। बिंदुखेड़ा–छतरपुर डाम कॉलोनी रोड की लंबे समय से जर्जर एवं कीचड़युक्त स्थिति को लेकर रविवार को स्थानीय निवासियों का आऐक्रोश खुलकर सामने आया। क्षेत्रवासियों ने बदहाल सड़क पर प्रतीकात्मक रूप से धान रोपकर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और “रोड नहीं तो वोट नहीं” का ऐलान करते हुए आंदोलन को और तेज करने का संकल्प लिया।

कांग्रेस के पूर्व ब्लाक अध्यक्ष दिनेश पंत ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि वर्षों से सड़क की दुर्दशा के कारण क्षेत्र के हजारों लोगों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और कीचड़ होने के कारण स्कूली बच्चों को विद्यालय आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।

क्षेत्रवासियों ने यह भी कहा कि किसी मरीज को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलानी पड़ती है, लेकिन खराब सड़क के कारण कई बार एंबुलेंस भी रास्ते में फंस जाती है, जिससे मरीजों की जान तक जोखिम में पड़ जाती है।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं एवं युवा सिडकुल की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत हैं। खराब सड़क के कारण उन्हें समय पर कार्यस्थल तक पहुंचने में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, जिससे उनके रोजगार और आजीविका पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने सरकार से तत्काल सड़क का निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा “रोड नहीं तो वोट नहीं” अभियान को पूरे क्षेत्र में चलाया जाएगा।

प्रदर्शन करने वालों में पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दिनेश पंत,नीरज चंदोला, ज्योति चंदोला, विमल भट्ट,फकीर चंदोला, बीडीसी सदस्य अमरजीत सिंह, जोगिंदर सिंह, बलराम सिंह,वंश सामंत, अजय बिष्ट,सुनील पंत सुरजीत सिंह, जरनैल सिंह, करण सिंह, सूरज सिंह, पवन पाठक आदि उपस्थित थे