महापौर विकास शर्मा ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन
रुद्रपुर(खबर धमाका)। आवास विकास स्थित पटेल पार्क में महापौर विकास शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ भारत के लौह पुरुष एवं राष्ट्रीय एकता के प्रतीक सरदार वल्लभभाई पटेल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस दौरान महापौर विकास शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, एकता और अखंडता के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। देश की रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में पिरोने में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उनके आदर्श और विचार आज भी हम सभी को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
महापौर ने कहा कि सरदार पटेल जी के बताए मार्ग पर चलते हुए देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाए रखना हम सभी का दायित्व है।
इस दौरान सुरेश कोली, हिमांशु शुक्ला, तरुण दत्ता, राजेश जग्गा, बीनू, पवन राणा, मोर सिंह यादव, मुकेश पाल, विपिन गहलोत, बिट्टू, आकाश रस्तोगी, गोविंद शर्मा, रचित सिंह, नितिन, प्रमोद मित्तल, मनीष पाल, राधेश शर्मा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

