कार डिवाइडर से टकराने से रुद्रपुर के बारे संचालक की मौत।परिजनों ने जताई सड़क दुघर्टना दिखा कर हत्या की आशंका, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
रुद्रपुर(खबर धमाका)। कोतवाली की चौकी आदर्श कालोनी क्षेत्र में देर रात बार संचालक की कार डिवाइडर से टकरा गई। जिससे उनकी मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने मृतक के सीने पर गोली लगने जैसे निशान देख हत्या कर सड़क हादसा दिखाने का आरोप लगाया है। परिजनों ने पुलिस से जांच कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले में पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी। किच्छा क्षेत्र निवासी 56 वर्षीय संजय शर्मा पुत्र राम निवास बार संचालक हैं। बुधवार रात वह अपने कर्मचारी को घर छोड़ने के लिए कार से जा रहे थे। इसी बीच आदर्श कालोनी रोड पर अचानक उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। जिससे कार के दोनों एयरबैग खुल गए। हादसे में कार में सवार युवती तो बच गई, लेकिन संजय शर्मा की मृत्यु हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार डिवाइडर से टकराया देख वहां से गुजरने वाले लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। तभी सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर एसएसआई अनिल जोशी,आदर्श कालोनी चौकी प्रभारी प्रदीप पंत,रम्पुरा चौकी प्रभारी पंकज कुमार पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और जानकारी ली। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना से अवगत कराया। इस दौरान मृतक संजय शर्मा के सीने पर गन शाट जैसा निशान देखकर परिजनों ने उनकी गोली मारकर हत्या की आशंका जताई। परिजनों का कहना था कि उनके शरीर में कहीं पर भी चोट के निशान नहीं है। लेकिन सीने में लगे चोट से उनकी मृत्यु हुई है। उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी। मृतक संजय शर्मा की मौत से पत्नी चंचल शर्मा, तथा बेटे शशांक शर्मा और उत्कर्ष शर्मा का बुरा हाल है। एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि मृतक का एक्स-रे कराया जा रहा है।
