उत्तराखंड में मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जारी।पांच जनपदों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी।सीएम धामी ने प्रशासन को दिए अलर्ट रहने के निर्देश।
देहरादून(खबर धमाका)। उत्तराखंड में मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य प्रशासन और सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून द्वारा 30 अक्टूबर को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
मौसम विभाग ने राज्य के नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके अतिरिक्त, राज्य के अन्य सभी जिलों में गरज और चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश के मद्देनजर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्देश दिया है कि पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों को मौसम सामान्य होने तक पूरी तरह नियंत्रित रखा जाए। इसके अलावा, संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं। यदि कोई सड़क मार्ग बारिश या भूस्खलन के कारण बाधित होता है, तो संबंधित विभाग उसे तत्काल खोलने की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
आपदा प्रबंधन की इंसीडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (IRS) प्रणाली से जुड़े अधिकारियों और विभागीय नोडल अफसरों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य में एसडीआरएफ (SDRF), पुलिस और अग्निशमन दलों को जरूरी उपकरणों के साथ चौबीसों घंटे तैयार रहने को कहा गया है। शासन ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे मौसम की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

