उधमसिंह नगर

मायके गई पत्नी को वीडियो काल कर सिडकुल की वोल्टास कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर ने लगा ली फांसी।पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव निकाला बाहर 

रुद्रपुर(खबर धमाका)। पंतनगर सिडकुल में वोल्टास कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर ने मंगलवार को पत्नी से वीडियो काल पर बात करने के बाद फांसी लगा ली। पुलिस के अनुसार पति से हुए विवाद के बाद पत्नी अपने बच्चों के साथ मायके चली गई थी।

मूल रूप से सलेमपुर महदूद बहादराबाद (हरिद्वार) निवासी 36 वर्षीय जावेद आरिफ पुत्र कंबर अली पंतनगर सिडकुल स्थित वोल्टास कंपनी में असिस्टेंट पद पर तैनात थे। वर्तमान में वह पत्नी अजरा के साथ मेट्रोपोलिस कालोनी रुद्रपुर में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर में डायल 112 पर अजरा ने फोन कर सूचना दी कि उनका पति के साथ झगड़ा हुआ है, जिसके चलते वह सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) स्थित अपने मायके चली गईं थीं। बताया कि कुछ देर पहले पति से वीडियो काल पर बात हुई तो उन्होंने फंदा दिखाते हुए कहा कि वह फांसी लगा रहे हैं। उसके बाद फोन कट हो गया। तब से वह फोन नहीं उठा रहे हैं। अजरा ने सबसे पहले कालोनी के लोगों को सूचना दी, लेकिन तब भी दरवाजा नहीं खुला। सिडकुल चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि पड़ोसियों के सहयोग से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर जावेद फंदे पर झूलते मिले। जावेद के दो बच्चे हैं। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर मिले सामान को कब्जे में ले लिया। सीओ पंतनगर डीआर वर्मा के अनुसार स्वजन के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।