*भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा ने दलबल के साथ दाखिल किया नामांकन, विशाल जुलूस में उमड़ा जनसमर्थन* *चुनावी सभा में भाजपा नेताओं ने विकास के मुद्दे पर मांगा जनता का आशीर्वाद, ऐतिहासिक जीत का किया दावा*
नरेन्द्र राठौर(खबर धमाका)। नगर पालिका परिषद किच्छा के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी संदीप अरोड़ा ने शुक्रवार को पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पूर्व इंदिरा गांधी खेल मैदान, पाईबाग में आयोजित विशाल चुनावी सभा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक पहुंचे। सभा के उपरांत मुख्य मार्गों पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के साथ विशाल जुलूस निकाला गया और भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा के पक्ष में जनता से आशीर्वाद एवं समर्थन मांगा गया।
चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रारंभ से ही किच्छा एवं सिरौली कला को अलग-अलग नगर पालिकाओं के रूप में विकसित करने और दोनों क्षेत्रों में स्वतंत्र रूप से चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक एवं उनके समर्थकों द्वारा हाईकोर्ट में रिट दाखिल कर चुनावी प्रक्रिया को लंबे समय तक बाधित किया गया, जिसके कारण दोनों क्षेत्रों का विकास प्रभावित हुआ।
उन्होंने कहा कि आज जनता के सामने यह स्पष्ट है कि जिन लोगों ने न्यायालय में जाकर चुनाव प्रक्रिया को लंबित कराया, कांग्रेस ने उन्हीं में से एक को अपना प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को किच्छा नगर पालिका क्षेत्र में कोई उपयुक्त स्थानीय प्रत्याशी नहीं मिला और शहर से दूर नारायणपुर ग्रामसभा क्षेत्र से प्रत्याशी उतारा गया है।
पूर्व विधायक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस चुनाव को जाति, वर्ग या व्यक्तिगत राजनीति के आधार पर नहीं, बल्कि विकास और जनहित के मुद्दे पर लड़ रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ने किच्छा क्षेत्र के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। किच्छा नगर पालिका क्षेत्र को बेहतर नगरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने, सड़क एवं संपर्क मार्गों के विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा एवं खेल सुविधाओं को मजबूत करने तथा क्षेत्र में औद्योगिक एवं रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाने की दिशा में सरकार द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किच्छा विधानसभा क्षेत्र में भारत सरकार द्वारा स्वीकृत एम्स तथा औद्योगिक कॉरिडोर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं आने वाले समय में क्षेत्र के विकास की नई तस्वीर प्रस्तुत करेंगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा जनहित में लिए जा रहे निर्णयों का सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकास एवं सुशासन के इन कार्यों को जनता का आशीर्वाद मिलेगा और संदीप अरोड़ा ऐतिहासिक मतों से विजयी होंगे।
जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि संदीप अरोड़ा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ एवं समर्पित कार्यकर्ता हैं। वह लगातार तीन बार सभासद के रूप में जनता की सेवा कर चुके हैं और निरंतर जनसंपर्क में बने रहे हैं। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा, समर्पण और संगठनात्मक सक्रियता को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने कहा कि नामांकन के दौरान उमड़ा जनसैलाब और कार्यकर्ताओं का उत्साह स्पष्ट संकेत है कि किच्छा नगर पालिका चुनाव में भाजपा को जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त हो रहा है।
राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने विकास को नई गति दी है। किच्छा क्षेत्र भी सरकार की विकास प्राथमिकताओं में प्रमुखता से शामिल है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा के पक्ष में जिस प्रकार जनता और कार्यकर्ताओं का उत्साह दिखाई दे रहा है, उससे स्पष्ट है कि किच्छा में विकास और सुशासन की राजनीति को जनता अपना समर्थन देने जा रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में है। संदीप अरोड़ा लंबे समय से जनता के बीच रहकर कार्य कर रहे हैं और उनके राजनीतिक एवं सामाजिक अनुभव का लाभ नगर को मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में व्यापक जनसंपर्क करने का आह्वान किया और कहा कि जनता का आशीर्वाद भाजपा की विजय सुनिश्चित करेगा।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोड़ा, दर्जा मंत्री रामपाल, अनिल चौहान, ठाकुर संजीव सिंह, संजीव खन्ना, धर्मराज जायसवाल, मनमोहन सक्सेना, मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोरया, मयंक तिवारी, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, पिंकी डिमरी, प्रतिभा रघुवंशी, संध्या झा, जानकी तिवारी, करुणा तिवारी, कविता मान,रितु अग्रवाल, मूलचंद राठौर, सुभाषित बिष्ट, नंदलाल यादव, डिंपी अरोड़ा, प्रकाश अरोड़ा ,साहिल अरोरा, आशीष तिवारी, नगर पालिका नगला अध्यक्ष सचिन शुक्ला ,हिमांशु शुक्ला, रोशन अरोरा, भारत भूषण चुग, धीरेंद्र मिश्रा, मुकेश कोली, प्रकाश पंत, देवेंद्र शर्मा, श्याम सुंदर बिष्ट, सुनील पांडे, रणजीत नगरकोटी, लक्ष्मण khuggar, हंसराज अरोरा, जितेंद्र गुप्ता, अमरनाथ कश्यप, हीरालाल प्रजापति ,धनीराम सागर, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेश कोली, राज्य सफाई कर्मचारी आयोग सदस्य नितिन वाल्मीकि, राजेश कोली, प्रवीण सेन, राकेश गुप्ता, गिरीश वर्मा, उमाशंकर रस्तोगी, विशाल गुप्ता, केतन कालरा, यश मान, मनीष झा, बीजू सिंधी, मनन अरोड़ा समेत समस्त भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी, सभासद, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। नामांकन के दौरान मुख्य मार्गों पर निकले विशाल जुलूस में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में नारे लगाते हुए नगर की जनता से विकास एवं सुशासन के लिए भाजपा को आशीर्वाद देने की अपील की।

