*भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को महापौर ने भेंट किया त्रिशूल* *त्रिशूल चौक पर पुष्पवर्षा के साथ हुआ नितिन नबीन का भव्य स्वागत*
रुद्रपुर(खबर धमाका)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के रुद्रपुर आगमन पर गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शहर में जगह-जगह पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत स्टॉल लगाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया। इसी क्रम में त्रिशूल चौक पर महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा के साथ नितिन नबीन का भव्य स्वागत किया। इस दौरान महापौर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को सम्मान स्वरूप त्रिशूल भेंट किया। वहीं पंजाबी गौरव सम्मेलन में भी महापौर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला त्रिशूल चौक पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया। कुछ मिनटों के लिए उनका काफिला यहां रुका। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद अजय भट्ट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी उनके साथ मौजूद रहे।
महापौर विकास शर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का स्वागत करते हुए उन्हें त्रिशूल भेंट किया। त्रिशूल चौक पर नगर निगम की ओर से स्थापित विशाल एवं आकर्षक त्रिशूल ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष का ध्यान खींचा। नितिन नबीन ने त्रिशूल की भव्यता की सराहना की और शहर के प्रमुख चौराहे को इस तरह आकर्षक स्वरूप दिए जाने की प्रशंसा की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपने बीच पाकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। कार्यकर्ता पार्टी के समर्थन में नारे लगाते हुए उनका अभिवादन करते रहे। नितिन नबीन ने भी हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान पूरे त्रिशूल चौक का माहौल भाजपा के झंडों, नारों और पुष्पवर्षा से उत्सवमय नजर आया।
कुछ देर रुकने के बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला आर्क होटल में आयोजित पंजाबी गौरव सम्मेलन के लिए रवाना हो गया। त्रिशूल चौक पर स्वागत करने वालों में महापौर विकास शर्मा के साथ नगर निगम के कई भाजपा पार्षद, पवन राणा, बीनू, किच्छा पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, विवेक रावत , ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, ब्लॉक प्रमुख पति जितेंद्र गौतम आशीष यादव छाया शर्मा हारजीत राठी जितेंद्र संधू कुलबीर सिंह दीपक राठौर गोविंद शर्मा आदि समस्त पार्टी पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

