Latest:
उधमसिंह नगर

पंडित गोविंद बल्लभ पंत का जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोतः विकास शर्मा* *आशुतोष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज खेड़ा में धूमधाम से मनाई गई भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती*

रूद्रपुर(खबर धमाका)। खेड़ा स्थित आशुतोष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंधक राम प्रकाश गुप्ता ने मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा सहित अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत और सम्मान किया। छात्र छात्राओं ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पंडित गोविंद बल्लभ पंत के व्यक्तित्व और उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वह महान स्वतंत्रता सेनानी, कुशल प्रशासक और दूरदर्शी राजनेता थे। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ही स्वतंत्र भारत के निर्माण में भी उल्लेखनीय योगदान दिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने जमींदारी प्रथा समाप्त करने और सामाजिक एवं आर्थिक सुधारों की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए।

महापौर ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत का जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने जीवन में राष्ट्रहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी और समाज तथा देश के विकास के लिए निरंतर कार्य किया। विद्यार्थियों को उनके जीवन संघर्ष, देशभक्ति और जनसेवा से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य केवल उन्हें याद करना नहीं, बल्कि उनके आदर्शों और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है।

कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सदस्यों, विद्यार्थियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

इस दौरान दर्जा राज्य मंत्री श्री उत्तम दत्ता जी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री राकेश सिंह, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री नेत्रपाल मौर्य, एन एस बिष्ट जी, पार्षद पवन राणा, बीनू आदि उपस्थित रहे ।।