बत्रा और छाबड़ा परिवार के साथ खड़ा है पूरा शहरः विकास शर्मा।आयकर की छापेमारी की सूचना पर मौके पर पहुंचे महापौर
रुद्रपुर(खबर धमाका)। शहर के वरिष्ठ समाजसेवी रोहताश बत्रा और प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. दीपक छाबड़ा के निवास पर आयकर विभाग की छापेमारी की सूचना मिलने पर महापौर विकास शर्मा मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बत्रा परिवार और छाबड़ा परिवार के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों परिवारों ने वर्षों की मेहनत, संघर्ष और समर्पण से समाज में अपनी पहचान बनाई है। शहर के विकास, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों में इन परिवारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ऐसे में इस घटनाक्रम के बीच पूरा शहर उनके साथ खड़ा है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
मीडिया से बातचीत में महापौर विकास शर्मा ने कहा कि रोहताश बत्रा और डॉ. दीपक छाबड़ा जैसे वरिष्ठ लोगों ने अपनी मेहनत के बल पर मुकाम हासिल किया है। इन परिवारों का रुद्रपुर को बसाने और विकसित करने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। शहर में छोटे-बड़े सामाजिक, धार्मिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में इन परिवारों की सहभागिता और सहयोग हमेशा देखने को मिला है। इनसे जुड़े लोग लंबे समय से सामाजिक जीवन में सक्रिय रहे हैं और शहर के प्रति उनकी सेवाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
महापौर ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटनाक्रम का संबंध मेडिसिटी अस्पताल के संचालन और पार्क ग्रुप के साथ हुए व्यावसायिक समझौते से भी हो सकता है। पूर्व में डॉ. दीपक छाबड़ा और उनके सहयोगियों द्वारा संचालित मेडिसिटी अस्पताल को पार्क ग्रुप ने अपने अधीन लिया है। ऐेसे में आयकर विभाग की कार्रवाई के पीछे संबंधित व्यावसायिक लेन-देन और उससे जुड़े वित्तीय पहलुओं की जांच एक संभावित वजह हो सकती है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यावसायिक समझौते के बाद उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन, भुगतान अथवा अन्य दस्तावेजों के संबंध में जानकारी मांगी जा रही है, तो यह जांच की प्रक्रिया का हिस्सा हो सकता है। ऐसे मामलों में सभी तथ्यों का सामने आना जरूरी है। फिलहाल, जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
महापौर ने कहा कि बत्रा परिवार और छाबड़ा परिवार ने दशकों की मेहनत से शहर में सम्मान और प्रतिष्ठा अर्जित की है। इन परिवारों के साथ उनके पुराने सामाजिक संबंध रहे हैं और शहर के प्रति इनके योगदान से सभी परिचित हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा घटनाक्रम को लेकर उनकी संवेदनाएं दोनों परिवारों के साथ हैं। मां दुर्गा से प्रार्थना है कि सभी परिस्थितियां जल्द स्पष्ट हों, सच्चाई सामने आए और सब कुछ उचित तरीके से संपन्न हो।
महापौर विकास शर्मा ने कहा बत्रा परिवार और छाबड़ा परिवार हमारे शहर के वरिष्ठ और सम्मानित परिवार हैं। शहर के विकास और सामाजिक कार्यों में इनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। हम पूरी संवेदनशीलता के साथ इनके साथ खड़े हैं। जहां भी हमारी आवश्यकता पड़ेगी, परिवारों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी घटनाक्रम में जांच की प्रक्रिया और तथ्यों का सम्मान किया जाना चाहिए। साथ ही, वर्षों से समाज के बीच काम करने वाले परिवारों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखना भी आवश्यक है। महापौर ने विश्वास जताया कि संबंधित प्रक्रिया के दौरान सभी तथ्य सामने आएंगे और स्थिति स्पष्ट होगी।

