Latest:
उधमसिंह नगर

एसटीएफ कुमाऊं टीम की बड़ी कार्रवाई,आरटीओ कार्यालय के नाम पर वाहन स्वामियों से अवैध वसूली, धोखाधड़ी का खुलासा।एसटीएफ की गिरफ्त में आए दो शातिर अभियुक्त, अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भी होगी जांच।आरटीओ कार्यालय के बाहर दो अलग-अलग गाड़ियों में बैठकर चला रहे थे अवैध वसूली का खेल,75 आरसी, 7 ड्राइविंग लाइसेंस,19 फॉर्म-30 सहित भारी मात्रा में वाहन संबंधी दस्तावेज बरामद

रुद्रपुर(खबर धमाका)। एसटीएफ कुमाऊं रुद्रपुर टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने आरटीओ कार्यालय के नाम पर वाहन स्वामियों से अवैध वसूली और धोखाधड़ी का खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ ने दोनों के कब्जे से बड़ी संख्या में अवैध दस्तावेज, लेपटॉप बरामद किए। एसएसपी एसटीएफ के मुताबिक टीम को संगठित गैंग/गैंगस्टर एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसी के तहत एसटीएफ कुमाऊँ यूनिट, रुद्रपुर ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए आरटीओ कार्यालय के नाम पर वाहन स्वामियों से सरकारी शुल्क से अधिक धनराशि वसूलकर धोखाधड़ी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया। इस कार्रवाई में कोतवाली पंतनगर पुलिस भी शामिल रही।

ऐसे चल रहा था अवैध वसूली का खेल

एसटीएफ उत्तराखंड संगठित रूप से संचालित अवैध गतिविधियों, सरकारी व्यवस्था की आड़ में आमजन से धोखाधड़ी एवं अवैध वसूली करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध लम्बे समय से कार्रवाई के प्रयास कर इनपुट विकसित किये जा रहे थे। इसी मामले में एसटीएफ को मुखबिर से सूचना मिली कि रुद्रपुर स्थित आरटीओ कार्यालय के समीप जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास दो अलग-अलग वाहनों में कुछ व्यक्ति बैठकर वाहन संबंधी दस्तावेज जैसे रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट), ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य कागजात तैयार कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से सरकारी शुल्क से अधिक धनराशि वसूल रहे हैं।इस पर एसटीएफ ने सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल स्थानीय पुलिस को अवगत कराते हुए कोतवाली पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। संयुक्त टीम ने दोनों वाहनों की घेराबंदी कर तलाशी ली।एक वाहन संख्या में बैठे व्यक्ति की पहचान प्रवीण बाछाड़ पुत्र विकास बाछाड़, निवासी चन्दीपुर विजयपुर, थाना दिनेशपुर के रूप में हुई।दूसरे वाहन में लैपटॉप पर कार्य कर रहे व्यक्ति की पहचान पंकज कांति सेन पुत्र स्वर्गीय स्वदेश कांति सेन, निवासी ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई।

पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे आरटीओ कार्यालय से संबंधित कार्य कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से संपर्क करते थे तथा सरकारी शुल्क की वास्तविक जानकारी छिपाकर उनसे निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक धनराशि वसूलते थे। कुछ डुप्लीकेट आरसी एवं ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार करवाकर वाहन स्वामियों को उपलब्ध कराए जाने की बात भी सामने आई है। इस प्रकरण में अन्य संलिप्त संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। एसएसपी एसटीएफ ने लोगों से अपील की कि आरटीओ अथवा किसी भी सरकारी कार्यालय से संबंधित कार्य कराने के लिए केवल अधिकृत माध्यमों का ही प्रयोग करें। सरकारी कार्यों के नाम पर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को अतिरिक्त धनराशि न दें।

 

 

एसटीएफ टीम में सीओ एसटीएफ कुमाऊं राकेश बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक कुमाऊं यूनिट रुद्रपुर विकास चौधरी,एसआई विपिन जोशी,हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह बिष्ट,महेन्द्र गिरी,किशोर कुमार, कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार, किशन चन्द्र शर्मा के अलावा पंतनगर पुलिस से एसआई अनिल मेहता,कृपाल सिंह आदि शामिल रहे।

Advertisement