ऊधमसिंहनगर में ओवरलोड डंपर ने बाइक सवार को कुचला, युवक की मौत।लोगों का भड़का गुस्सा, डंफर को किया आग के हवाले
रुद्रपुर(खबर धमाका)। ऊधम सिंह नगर में दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। रेत से लदे ओवरलोड डंपर ने बाइक सवार व्यक्ति को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने डंपर में आग लगा दी, जो करीब एक घंटे तक धधकता रहा। सोमवार को सुबह काशीपुर क्षेत्र के ढकिया नंबर एक निवासी 58 वर्षीय जयपाल सिंह बाइक से किसी काम के लिए घर से निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे ओवरलोडिंग डंपर (UP21 CT 6334) ने उन्हें चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि जयपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। हादसे से गुस्साए लोगों ने डंपर में आग लगा दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और फायर को शुरुआत में भीड़ ने आगे नहीं बढ़ने दिया। हालात बिगड़ते देख एसपी स्वपन किशोर सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों के समझाने के बाद फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और डंपर को भी जब्त कर लिया गया है। क्षेत्र में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने खनन वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
