जासेस क्लब द्वारा आयोजित “स्वर समर्पण – सुरों की कोकिला” ऑडिशन का प्रथम चरण सफलतापूर्वक संपन्न
खटीमा/ऊधमसिंहनगर(खबर धमाका)। जासेस क्लब द्वारा स्वर सामर्पण – “सुरों की कोकिला” कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित प्रथम ऑडिशन रविवार को ए.आई.एच.एम (होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट), कंजाबाग, खटीमा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
ऑडिशन में बच्चों से लेकर युवा, मध्यम आयु वर्ग तथा वरिष्ठ नागरिकों तक सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों और उत्कृष्ट गायन प्रतिभा से निर्णायक मंडल एवं उपस्थित दर्शकों को प्रभावित किया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों का उत्साह और संगीत के प्रति समर्पण देखने योग्य रहा।
ऑडिशन के उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 30 प्रतिभागियों का चयन अगले चरण के लिए किया गया।
इस अवसर पर निर्णायक मंडल के सदस्य श्री असलम कोहरा एवं श्रीमती रंजीत साहमे ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर संगीत साधना के लिए प्रेरित किया तथा चयनित प्रतिभागियों को आगामी चरण के लिए शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम के समापन पर क्लब के अध्यक्ष श्री लक्ष्मीकांत लोहानी, उपाध्यक्ष श्री अनिल गुप्ता तथा सचिव कुमारी रितु जोशी ने सभी निर्णायक मंडल के सदस्यों एवं प्रतिभागियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी आयु वर्ग के लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इस आयोजन को यादगार बना दिया और भविष्य में भी क्लब प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए निरंतर ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
