रेशमबाड़ी चाकूबाजी प्रकरण में अब तक चार नामजद अभियुक्तों को किया गिरफ्तार।मुख्य आरोपी प्रिन्स ठाकुर उर्फ पंछी और प्रियांशु कश्यप की तलाश जारी।
रुद्रपुर (खबर धमाका)। शहर के मोहल्ला रेशम बाड़ी में तीन दिन पहले हुई सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना में पुलिस अब तक चार आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है घटना में शामिल दो मुख्य आरोपी प्रिन्स ठाकुर उर्फ पंछी और प्रियांशु कश्यप की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक जोहरी लाल पुत्र स्वर्गीय रामलाल, निवासी रेशमबाड़ी, वार्ड नं0 12, कोतवाली रुद्रपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर की तहरीर के अनुसार, दिनांक 26.11.2026 को शाम उनका नाती अनुज मोटर साइकिल से बाजार जा रहा था। रेशमबाड़ी मुख्य मार्ग पर विनोद कश्यप ने उसकी मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली और उसके साथ मारपीट की।
तहरीर के अनुसार, इसके बाद रात में विनोद कश्यप अपने साथियों—सुभाष राठौर, प्रिन्स ठाकुर उर्फ पंछी, शिवम चन्द्रा, प्रियांशु कश्यप और अरुण ठाकुर—के साथ रेशमबाड़ी स्थित राम अवतार के घर पहुँचा। वहाँ परिवार के लोगों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। परिवार के लोगों द्वारा विरोध और बीच-बचाव करने पर चाकू से वार किए गए, जिससे लीलाधर, राहुल सहित परिवार के अन्य लोग घायल हुए। घायलों को जिला चिकित्सालय रुद्रपुर ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया।
*मुकदमा एवं विवेचना*
वादी की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर में मु0अ0सं0 618/2026, धारा 103(1), 191(3), 118(1) एवं 352 बीएनएस के अंतर्गत छह नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया। विवेचना एवं गवाहों के बयानों के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
घटना की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुँची। आवश्यक पूछताछ के साथ फील्ड यूनिट की सहायता से साक्ष्य संकलित किए गए।
*सुभाष और विनोद गिरफ्तार*
विवेचना के दौरान मिली सूचना पर पुलिस ने दिनांक 27.11.2026 को बागवाड़ा मंडी गेट के सामने किच्छा रोड पर पैदल जा रहे दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया—
1. सुभाष पुत्र रघुवीर सिंह, उम्र 18 वर्ष, निवासी वार्ड नं0 12, रेशमबाड़ी, रुद्रपुर।
2. विनोद कश्यप पुत्र राजेंद्र कश्यप, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड नं0 13, दूधियानगर, रुद्रपुर।
*पुलिस मुठभेड़ के बाद शिवम चन्द्रा पकङा गया जिसका उपचार चल रहा है*
दिनांक 28.11.2026 की प्रातः सूचना पर पुलिस टीम भगवानपुर क्षेत्र में सरदारों के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर पहुँची। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध व्यक्ति ने खेतों की ओर भागकर पेड़ की आड़ से पुलिस टीम पर फायर किया। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें संदिग्ध के दाहिने घुटने के नीचे चोट लगी।
घायल व्यक्ति की पहचान शिवम चन्द्रा उर्फ बर्गर पुत्र पप्पू, निवासी रेशमबाड़ी, रुद्रपुर, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई। उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। शिवम को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर ले जाया गया, जहाँ से चिकित्सकों ने उसे सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मियों को भी हल्की चोटें आईं और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में थाना रुद्रपुर में मु0अ0सं0 619/2026, धारा 109 बीएनएस एवं 3/25/27 आयुध अधिनियम के अंतर्गत अलग मुकदमा पंजीकृत किया गया है। शिवम की गिरफ्तारी के संबंध में मुख्य मुकदमे के विवेचक को अवगत कराकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
*अरुण कुमार ठाकुर गिरफ्तार*
दिनांक 28.11.2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मेडिसिटी अस्पताल के पास, किच्छा रोड, तीन पानी तिराहे से एक अन्य नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया। अभियुक्त ने अपना नाम अरुण कुमार ठाकुर पुत्र राजकुमार उर्फ लालाराम, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड नं0 12, रेशमबाड़ी, रुद्रपुर बताया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजन को नियमानुसार दी गई।
*अब तक गिरफ्तार अभियुक्त*
1. सुभाष पुत्र रघुवीर सिंह
2. विनोद कश्यप पुत्र राजेंद्र कश्यप
3. शिवम चन्द्रा उर्फ बर्गर पुत्र पप्पू
4. अरुण कुमार ठाकुर पुत्र राजकुमार उर्फ लालाराम
शेष अभियुक्तों की तलाश
प्रकरण में नामजद प्रिन्स ठाकुर उर्फ पंछी और प्रियांशु कश्यप की तलाश जारी है। पुलिस द्वारा उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुकदमे की विवेचना एवं अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।
कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मी: सुभाष और विनोद की गिरफ्तारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक महेश काण्डपाल एवं हेड कांस्टेबल 103 विनोद मेहता द्वारा की गई। शिवम की गिरफ्तारी की कार्रवाई वरिष्ठ उपनिरीक्षक खुशवंत सिंह, उपनिरीक्षक संदीप शर्मा, उपनिरीक्षक इन्दर सिंह ढैला तथा पुलिस टीम द्वारा की गई।


