Latest:
उधमसिंह नगर

पंडित राम सुमेर शुक्ल की 112वीं जयंती पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने पंडित शुक्ला श्रद्धांजलि अर्पित की एवं स्मृति समारोह में नौ विभूतियों को किया सम्मानित

रुद्रपुर(खबर धमाका)। तराई के संस्थापक एवं महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय पंडित राम सुमेर शुक्ल की 112वीं जयंती पर शनिवार को पंडित राम सुमेर शुक्ल राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्मृति समारोह आयोजित किया गया। समारोह में झारखंड के महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार ने सर्वप्रथम पंडित राम सुमेर शुक्ल पार्क (निकट बस अड्डा चौराहा) रुद्रपुर पहुंचकर पंडित राम सुमेर शुक्ल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि किया तत्पश्चात मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थापित पंडित राम सुमेर शुक्ल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली नौ प्रतिभाओं को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि तराई को बसाने और उसे व्यवस्थित स्वरूप देने में पंडित राम सुमेर शुक्ल का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनका जीवन त्याग, संघर्ष और बलिदान का प्रतीक रहा। उन्होंने दूरदर्शी सोच के साथ क्षेत्र के विकास, जनसेवा और समाजसेवा को प्राथमिकता दी। राज्यपाल ने कहा कि रुद्रपुर और तराई क्षेत्र से उनका पुराना आत्मीय लगाव रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

राज्यपाल ने कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला का विशेष उल्लेख करते हुए उन्हें पंडित राम सुमेर शुक्ल का योग्य पुत्र बताया। उन्होंने कहा कि राजेश शुक्ला अपने पिता के विचारों, आदर्शों और जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। अपने पिता की स्मृतियों को संजोने और उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ समाजसेवा के कार्यों में उनकी सक्रियता सराहनीय है। उन्होंने कहा कि किसी महान व्यक्तित्व की विरासत को उसके आदर्शों और संस्कारों के माध्यम से आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने पंडित राम सुमेर शुक्ल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि तराई को आबाद करने और पंतनगर विश्वविद्यालय की स्थापना में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के साथ पंडित राम सुमेर शुक्ल का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने अपना संपूर्ण जीवन क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए समर्पित किया। उनके आदर्शों को आगे बढ़ाना उनका दायित्व है।

शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास के अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। किच्छा में एम्स सेटेलाइट सेंटर, औद्योगिक कॉरिडोर और खुरपिया क्षेत्र में औद्योगिक विकास की योजनाएं तराई की आर्थिक तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण साबित होंगी। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज भी इसी विकास यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समान नागरिक संहिता लागू कर सामाजिक समानता और न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। प्रदेश सरकार स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आदर्शों के अनुरूप विकास और जनकल्याण के लिए कार्य कर रही है।

नौ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मिला सम्मान

समारोह में शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप को सम्मानित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें बेस्ट टीचर अवार्ड सहित कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं। हाल ही में देहरादून में उच्च शिक्षा विभाग के कार्यक्रम में उन्हें वाइस चांसलर ऑफ द ईयर के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया था।

चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. रणजीत सिंह गिल को सम्मानित किया गया। वर्ष 1996 से रुद्रपुर में चिकित्सा सेवाएं दे रहे डॉ. गिल अब तक तीन हजार से अधिक सफल सर्जरी कर चुके हैं। उन्होंने रुद्रपुर को अपनी कर्मभूमि बनाया है। गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके उपचार का आर्थिक बोझ कम करने में भी उनका योगदान रहा है। उन्होंने अपनी शिक्षा भी रुद्रपुर में ही ग्रहण की।

विधि एवं न्याय के क्षेत्र में अपर महाधिवक्ता एडवोकेट सुनील खेड़ा को सम्मानित किया गया। उन्होंने वर्ष 1995 में वकालत के क्षेत्र में अपने व्यावसायिक जीवन की शुरुआत की थी। लगभग तीन दशक से अधिक समय से विधि एवं न्याय के क्षेत्र में योगदान दे रहे खेड़ा वर्तमान में उत्तराखंड उच्च न्यायालय में अपर महाधिवक्ता के पद पर कार्यरत हैं।

स्वच्छता के क्षेत्र में महापौर विकास शर्मा को सम्मानित किया गया। महापौर के रूप में उन्होंने रुद्रपुर शहर की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी है। उनके नेतृत्व में नगर निगम रुद्रपुर ने स्वच्छता संरक्षण 2025-26 में हिमालयी राज्यों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया।

व्यवसाय एवं उद्यमिता के क्षेत्र में घनश्याम श्यामपुरिया को सम्मानित किया गया। उनका परिवार वर्ष 1955 से रुद्रपुर में निवास कर रहा है। नैनीताल और दिल्ली में शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने पारिवारिक चावल उद्योग को आगे बढ़ाया। उनके व्यवसाय से क्षेत्र के दर्जनों युवाओं को रोजगार मिला है। स्थानीय औद्योगिक एवं आर्थिक विकास में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

गौसेवा के क्षेत्र में विराट आर्य को सम्मानित किया गया। वह वर्ष 2012 से लगातार गौसेवा और जीव संरक्षण के कार्यों में जुटे हैं। अब तक करीब तीन हजार से अधिक गोवंश एवं अन्य प्राणियों का रेस्क्यू और उपचार कर चुके हैं। उनकी संस्था के माध्यम से घायल एवं असहाय गोवंश को आश्रय और उपचार उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिए गौ एंबुलेंस का संचालन भी किया जा रहा है। गौसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पूर्व में उत्तराखंड के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया जा चुका है।

खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती खिलाड़ी सविता मंडल को सम्मानित किया गया। वह उत्तराखंड की प्रमुख महिला कुश्ती खिलाड़ियों में शामिल हैं और राजकीय इंटर कॉलेज कानपुर की छात्रा हैं। खेल के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उन्हें अंतरराष्ट्रीय बालिका बेस्ट प्लेयर उत्तराखंड 2026-27 के सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है।

सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अमित श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया। वह एनजीओ के माध्यम से कोरोना महामारी के समय से ही गरीबों, मजदूरों और जरूरतमंद परिवारों की सहायता कर रहे हैं। जरूरतमंद लोगों को सहयोग देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी लगातार प्रयासरत हैं।

पशुपालन एवं मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में किरण सिंह को सम्मानित किया गया। उन्होंने पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक कृषि गतिविधियों को अपनाते हुए मशरूम उत्पादन को स्वरोजगार का माध्यम बनाया है। गृहिणी होने के साथ वह इस कार्य से परिवार को प्रतिमाह लगभग 15 हजार रुपये की आर्थिक बचत कराने में योगदान दे रही हैं। उनका यह प्रयास ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणादायी है।

समारोह में महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री रामपाल सिंह, उत्तम दत्ता, सुरेश कोली, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, दिनेश शुक्ला, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव, केके दास, आशीष शुक्ला, मनीष शुक्ला, हिमांशु शुक्ला, पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा, सीएमओ डॉ. एसके गोस्वामी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Advertisement