Latest:
उत्तराखंड

हल्द्वानी में 16 वर्षीय किशोरी ने अस्पताल में बच्चे को दिया जन्म, पड़ोसी नाबालिग पर पोक्सो के तहत मुकदमा।पेट दर्द की शिकायत पर किशोरी का अस्पताल में कराया गया था भर्ती 

रुद्रपुर(खबर धमाका)। नैनीताल जिले के लालकुआं कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हल्दूचौड़ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 16 वर्षीय एक किशोरी को पेट में तेज दर्द होने पर परिजन इलाज के लिए हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा जांच किए जाने पर पता चला कि किशोरी गर्भवती है और उसे प्रसव पीड़ा हो रही है। स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल प्रसव कराया, जिसके बाद किशोरी ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों के साथ-साथ आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार किशोरी की मां का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपने पिता और तीन बहनों के साथ रहती है। परिवार को किशोरी के गर्भवती होने की कोई जानकारी नहीं थी। पेट दर्द की शिकायत होने पर परिजन उसे सामान्य बीमारी समझकर अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां पूरा मामला सामने आया।

बदनामी के डर से छिपाती रही बात।                     प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग किशोर के साथ किशोरी का संपर्क था। आरोप है कि इसी दौरान किशोरी गर्भवती हो गई, लेकिन सामाजिक बदनामी और परिवार के डर से उसने किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। गर्भावस्था की बात लंबे समय तक परिवार से छिपी रही।

पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज होगा मुकदमा.

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस भी सक्रिय हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) हल्द्वानी अमित कुमार सैनी ने बताया कि प्रकरण बेहद संवेदनशील है और इसकी गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़ित किशोरी और आरोपी किशोर दोनों ही नाबालिग हैं। उन्होंने बताया कि परिजनों की शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

मां और नवजात दोनों सुरक्षित……

अस्पताल सूत्रों के अनुसार प्रसव के बाद किशोरी और नवजात दोनों की हालत सामान्य है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। वहीं पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है।

अमित कुमार सैनी, सीओ हल्द्वानी

“मामले में दोनों पक्ष नाबालिग हैं। प्राप्त शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पोक्सो एक्ट के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पूरे प्रकरण की जांच जारी है।”