सिंचाई विभाग एवं पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर तारा सिंह के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर।50 लाख रुपये से अधिक मूल्य की सरकारी भूमि कराई गई मुक्त।डकैती, लूट,अपहरण, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट सहित 27 मुकदमों में नामजद हिस्ट्रीशीटर वर्तमान में जेल में है निरुद्ध
नरेन्द्र राठौर(खबर धमाका)।मुख्यमंत्री उत्तराखंड पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदेश में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर श्री अजय गणपति द्वारा जनपद में नशा तस्करों, गैंगस्टरों एवं अन्य आपराधिक तत्वों के विरुद्ध लगातार कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ऑपरेशन प्रहार अभियान के अंतर्गत अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों का चिन्हीकरण कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
इसी क्रम में कोतवाली नानकमत्ता पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों की संपत्तियों का चिन्हीकरण किया गया। जांच के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि कोतवाली नानकमत्ता के हिस्ट्रीशीटर/गैंगस्टर अपराधी तारा सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह निवासी डैम बंदा गिधौर तथा उसके परिवारजनों द्वारा नानकसागर बांध स्थित सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर पक्का निर्माण किया गया था। उक्त स्थान का प्रयोग लंबे समय से अवैध स्मैक, हेरोइन एवं अन्य मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी से संबंधित गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।
सिंचाई विभाग तथा कोतवाली नानकमत्ता पुलिस द्वारा उक्त अवैध अतिक्रमण का चिन्हीकरण कर नियमानुसार रिपोर्ट सिंचाई विभाग को प्रेषित की गई। सिंचाई विभाग द्वारा संबंधित व्यक्तियों को नोटिस तामील कराते हुए भूमि खाली करने हेतु निर्देशित किया गया। नियमानुसार प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत सिंचाई विभाग द्वारा रिपोर्ट उपजिलाधिकारी खटीमा को प्रेषित की गई, जिसके क्रम में दिनांक 20 जून 2026 को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
शनिवार को तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग बरेली, पुलिस बल, पीएसी एवं फायर सर्विस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था के मध्य बुलडोजर की सहायता से अवैध रूप से निर्मित पक्के मकान को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान एक अवैध धार्मिक संरचना (मजार) को भी हटाया गया। संयुक्त अभियान के दौरान अपराधियों के कब्जे से लगभग 02 एकड़ सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई गई, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य 50 लाख रुपये से अधिक है।
थाना क्षेत्र के अन्य अपराधियों द्वारा अर्जित अवैध संपत्तियों का भी परीक्षण एवं सत्यापन किया जा रहा है तथा भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
*एसएसपी अजय गणपति का संदेश*
“नशा तस्करों, गैंगस्टरों एवं संगठित अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर उन्हें ध्वस्त करने एवं सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जनपद में अपराध एवं नशे के कारोबार के लिए किसी भी स्तर पर कोई स्थान नहीं है, होगी सख्त से सख्त वैधानिक कार्यवाही।
