Latest:
उधमसिंह नगर

किच्छा में CMO के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन अवैध क्लीनिक सील

किच्छा/ऊधमसिंहनगर(खबर धमाका)। जनता के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऊधमसिंह नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी के सख्त रुख के बाद आज स्वास्थ्य विभाग ने किच्छा क्षेत्र में एक बड़ा अभियान चलाया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को लगातार क्षेत्र में बिना पंजीकरण और बिना वैध डिग्री के क्लीनिक संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों का कड़ा संज्ञान लेते हुए CMO डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कानूनी कदम उठाने के आदेश जारी किए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी के विशेष दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए डॉ. सुधीर गुप्ता के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने आज किच्छा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान टीम ने पाया कि कई क्लीनिक बिना किसी वैध पंजीकरण के चलाए जा रहे थे, जो सीधे तौर पर स्वास्थ्य मानकों का उल्लंघन है।

CMO के आदेश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके पर तीन क्लीनिकों को अवैध पाते हुए सील कर दिया

1. बालाजी डेंटल क्लीनिक: निरीक्षण के दौरान इस क्लीनिक पर कोई भी अधिकृत डॉक्टर उपस्थित नहीं था। इसके साथ ही क्लीनिक संचालन से जुड़ा कोई भी वैध पंजीकरण दस्तावेज टीम के सामने पेश नहीं किया जा सका।

2. जगदंबा क्लीनिक: यहाँ अनिल शर्मा नाम का व्यक्ति बिना किसी वैध मेडिकल डिग्री के मरीजों का उपचार कर रहा था। स्वास्थ्य के साथ इस बड़े खिलवाड़ को देखते हुए क्लीनिक को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

3. संजीवनी क्लीनिक, बंडिया स्थित डॉ. विकास ढाली के इस क्लीनिक की जांच करने पर वहाँ अस्पताल के पंजीकरण या चिकित्सा योग्यता से संबंधित कोई भी आवश्यक कानूनी कागजात नहीं मिले। नियमों की अनदेखी के कारण इसे भी बंद कर दिया गया।

इस कार्रवाई के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी नागरिक के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी क्लीनिक या अस्पताल बिना वैध रजिस्ट्रेशन या बिना योग्यता के चलते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ भविष्य में भी ऐसी ही दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विभाग द्वारा आने वाले दिनों में इस अभियान को और तेज किया जाएगा।