*राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत (अल्मोड़ा) मे नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए विज्ञान संकाय द्वारा इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित*
रानीखेत(खबर धमाका)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत (अल्मोड़ा) के विज्ञान संकाय द्वारा नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों से परिचित कराने के उद्देश्य से छात्र इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के EDUSAT कक्ष में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम एवं सिलेबस, परीक्षा प्रणाली तथा विभिन्न छात्र गतिविधियों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे द्वारा दीप प्रज्वलन कर तथा गणित के विभाग प्रभारी डॉ. सी. एस. पंत द्वारा नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के साथ हुआ।
इस अवसर पर वनस्पति विज्ञान की विभाग प्रभारी डॉ. प्राची जोशी ने प्रथम सेमेस्टर में NEP-2020 के प्रावधानों के अनुसार पेपर चयन संबंधी जानकारी प्रदान की। वहीं, रसायन विज्ञान विभाग के डॉ. भारत पांडे ने तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के पेपर चयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। रसायन विज्ञान के विभाग प्रभारी तथा परीक्षा प्रभारी डॉ. प्रसून कुमार जोशी ने विद्यार्थियों को परीक्षा प्रणाली एवं परीक्षा संबंधी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों से अवगत कराया।
अर्थशास्त्र विभाग की डॉ. संगीता कुमारी ने विद्यार्थियों को विभिन्न छात्रवृत्तियों संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। गणित विभाग के डॉ. शंकर कुमार ने एनसीसी के संबंध में, हिंदी विभाग की डॉ. रेखा भट्ट ने एनएसएस के संबंध में तथा जंतु विज्ञान विभाग के डॉ. प्रमोद जोशी, रोवर लीडर (RSL) ने रोवर-रेंजर्स के संबंध में विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
इतिहास विभाग के डॉ. आशुतोष विक्रम (समर्थ नोडल) ने विद्यार्थियों को समर्थ पोर्टल, ABC ID तथा APAAR ID से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एवं वनस्पति विज्ञान विभाग की डॉ. तनुजा तिवारी ने विभागीय गतिविधियों से संबंधित सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर छात्र प्रतिनिधि, छात्रा उपाध्यक्ष संध्या ने भी नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महाविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न अवसरों एवं गतिविधियों में सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन तथा महाविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में डॉ. रश्मि रौतेला, डॉ. मीना पार्गाई, डॉ. किरण पंत, डॉ. आशा उप्रेती, डॉ. अपूर्वा जोशी, डॉ. आरती चौहान एवं डॉ. निधि शर्मा सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन डॉ. स्तुति जोशी द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम का आयोजन विज्ञान संकाय के समन्वयक डॉ. प्रसून कुमार जोशी के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के समापन के पश्चात सभी विद्यार्थियों को महाविद्यालय की पत्रिका “अर्चना” वितरित की गई।

