Latest:
उधमसिंह नगर

पुलिस हिरासत में युवक से अमानवीय व्यवहार, ठुकराल के साथ पहुंचे पीड़ित परिवार ने की कार्यवाही की मांग 

रुद्रपुर(खबर धमाका)। ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस पर हिरासत में एक युवक के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार करने के आरोप को लेकर मामला तूल पकड़ गया है। शुक्रवार को पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल पीड़ित परिवार और बड़ी संख्या में लोगों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति से मिले तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। पीड़ित पक्ष की ओर से दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि रम्पुरा वार्ड निवासी लक्ष्मी का पुत्र आकाश अमित ऑटो कार वॉशिंग का कार्य करता है। 14 जून को ट्रांजिट कैंप पुलिस उसे पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने पहले एफआईआर दर्ज नहीं होने की बात कहकर उन्हें टाल दिया और बाद में पूछताछ के बाद छोड़ दिया। इसके बाद 16 जून को उसे दोबारा थाने बुलाया गया और 17 जून की रात परिजनों के सुपुर्द किया गया। ज्ञापन में आरोप है कि जब युवक परिजनों को सौंपा गया तब उसकी हालत बेहद गंभीर थी। वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था तथा उसके हाथ और पैरों पर चोट के निशान थे। परिजनों का कहना है कि युवक ने बताया कि ट्रांजिट कैंप थाना और चौकी आवास विकास के कुछ पुलिसकर्मियों ने उसके साथ पूरी रात अमानवीय व्यवहार किया और मारपीट की, जिससे उसकी यह स्थिति हुई। इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर कोई आरोप है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन पुलिस हिरासत में किसी के साथ मारपीट या अमानवीय व्यवहार किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि आमजन का कानून और पुलिस व्यवस्था पर विश्वास बना रहे। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पीड़ित पक्ष को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी विभव सैनी को सौंप दी है। एसएसपी ने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।