Latest:
उधमसिंह नगर

*विधायक शिव अरोरा ने रमपुरा मे भव्य श्रीराम बरात का फीता काटकर किया शुभारम्भ,रमपुरा में गूंजा जय श्रीराम का जयघोष, धूमधाम से निकली प्रभु श्रीराम की भव्य बरात* *बराती बनकर राम बरात में जमकर झूमे विधायक शिव अरोरा*

रुद्रपुर(खबर धमाका)। रमपुरा श्री रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित होने वाली ऐतिहासिक श्री रामलीला के शुभारंभ के उपरांत गुरुवार को रमपुरा स्थित चौरासी घंटा मंदिर से प्रभु श्रीराम की भव्य बरात निकाली गई। राम बरात का शुभारंभ रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने फीता काटकर किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और भक्तिमय वातावरण के बीच निकली श्रीराम बरात रमपुरा से होते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। बरात के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर प्रभु श्रीराम की बरात का स्वागत किया। बरात में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं युवा श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।

विधायक शिव अरोरा भी बराती के रूप में श्रीराम बरात में शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ ढोल-नगाड़ों की धुन पर जमकर नृत्य किया और भक्तिमय वातावरण में राम बरात का आनंद लिया। इस दौरान उनके साथ मौजूद लोगों एवं श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रमपुरा की श्री रामलीला बेहद प्राचीन और आस्था से जुड़ी रामलीला है। प्रत्येक वर्ष यहां रमपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रीराम बरात में उमड़ा जनसैलाब क्षेत्रवासियों की प्रभु श्रीराम के प्रति गहरी आस्था और श्रद्धा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राम बरात के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और हर ओर ‘जय श्रीराम’ का जयघोष सुनाई दिया।

विधायक ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का जीवन हमें सत्य, धर्म, मर्यादा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम की कृपा सभी क्षेत्रवासियों और प्रदेशवासियों पर सदैव बनी रहे तथा सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आए।

श्रीराम बरात में भाजपा नेता सुरेश कोली, लालमन कोली, धीरेन्द्र मिश्रा, चन्द्रसेन कोली, यादराम कोली, किशन कोली, चन्द्रसेन चंदा, राज कोली, महेश कोली, विपिन कोली, पिंकी चतुर्वेदी, अर्चना राय, साधना शर्मा, सोनू चिकारा, डंप्पी चोपड़ा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।