सांसद भट्ट ने पंजाबी गौरव सम्मेलन की तैयारियों का लिया जायजा* *आर्क होटल पहुंचकर परखीं व्यवस्थाएं* *राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की मौजूदगी में 10 सितंबर को होगा सम्मेलन*
रुद्रपुर(खबर धमाका)। आगामी 10 सितंबर को आर्क होटल में आयोजित होने वाले पंजाबी गौरव सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मंगलवार को सांसद अजय भट्ट ने भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, महापौर विकास शर्मा एवं पार्टी के अन्य पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मंच, बैठक व्यवस्था, आगंतुकों के स्वागत, सुरक्षा, पार्किंग एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सांसद अजय भट्ट ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित होने वाला पंजाबी गौरव सम्मेलन ऐतिहासिक और यादगार होगा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन को लेकर समाज के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह का माहौल है और आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि पंजाबी समाज ने देश के विभाजन की त्रासदी और विस्थापन की कठिनाइयों का सामना करने के बावजूद अपने परिश्रम, पुरुषार्थ और राष्ट्रभक्ति के बल पर देश एवं प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उद्योग, व्यापार, कृषि, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र सहित प्रत्येक क्षेत्र में पंजाबी समाज ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि पंजाबी गौरव सम्मेलन समाज के संघर्ष, संस्कृति, गौरवशाली विरासत और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।
उन्होंने कहा कि तराई के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी पंजाबी समाज की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है। अपनी मेहनत और उद्यमशीलता के बल पर समाज ने इस क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने का काम किया है। रुद्रपुर में आयोजित होने वाला सम्मेलन केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद, जुड़ाव और सहभागिता को और मजबूत करने का माध्यम भी बनेगा।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का रुद्रपुर आगमन हम सभी के लिए गौरव का विषय है। पंजाबी समाज ने रुद्रपुर और पूरे तराई क्षेत्र को संवारने तथा यहां के व्यापार, उद्योग और सामाजिक विकास को गति देने में अहम योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाबी गौरव सम्मेलन के माध्यम से समाज के योगदान और संघर्ष को सम्मान देने के साथ नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ने का भी संदेश जाएगा। सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता पूरे उत्साह और समर्पण के साथ जुटे हुए हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि सम्मेलन की सभी प्रमुख तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम से जुड़ी अलग-अलग व्यवस्थाओं के लिए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि उन्हें जो भी दायित्व मिला है, उसका पूरी गंभीरता, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ निर्वहन करें, ताकि बाहर से आने वाले अतिथियों और समाज के लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सम्मेलन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला कोषाध्यक्ष रोशन अरोड़ा, धीरेन्द्र मिश्रा, विपिन जल्होत्रा, हिमांशु शुक्ला, जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, राकेश सिंह, मोर सिंह, राजेश तिवारी, अक्षय अरोड़ा, विजय तोमर, अक्षय गहलोत, श्रीकांत राठौर, गुन्नू चौधरी, सुरेश कोहली, मयंक तिवारी एवं सुनील ठुकराल , राजेश तिवारी, राजन राठौर, योगेश वर्मा,रचित सिंह,सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
