Latest:
उधमसिंह नगर

15-20 साल से बदहाल सिंह कॉलोनी के मुख्य मार्ग का होगा कायाकल्प, विधायक शिव अरोरा ने 440 मीटर सीसी सड़क का किया शिलान्यास* *स्वीकृत मार्ग के निर्माण से सिंह कॉलोनी,भूरारानी, शांति विहार, बंगाली कॉलोनी समेत बड़ी आबादी को मिलेगी राहत; स्थानीय लोगों ने विधायक का फूल-मालाओं से किया जोरदार स्वागत व जताया आभार*

रुद्रपुर। लंबे समय से बदहाल पड़े सिंह कॉलोनी के मुख्य मार्ग के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। जिला योजना से विधायक शिव अरोरा द्वारा स्वीकृत कराए गए सिंह कॉलोनी गली नंबर-1 से गली नंबर-8 तक के महत्वपूर्ण मुख्य मार्ग का विधायक शिव अरोरा ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की मौजूदगी में फीता काटकर विधिवत शिलान्यास किया। सड़क निर्माण शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दिखाई दी और लोगों ने विधायक को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार करते हुए उनका आभार जताया।

करीब 440 मीटर लंबे इस सीसी मार्ग का निर्माण लोक निर्माण विभाग के माध्यम से कराया जाएगा। यह मार्ग पिछले करीब 15-20 वर्षों से खस्ताहाल स्थिति में था। बरसात के दौरान सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भरने के साथ जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती थी, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ इस मार्ग से प्रतिदिन आवागमन करने वाले हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

सिंह कॉलोनी का यह मार्ग इंद्रा कॉलोनी, सिंह कॉलोनी, बंगाली कॉलोनी, भूरारानी और शांति विहार सहित आसपास की बड़ी आबादी को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। मार्ग के निर्माण से इन क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक शिव अरोरा ने कहा कि क्षेत्र के विकास को लेकर उनका संकल्प लगातार आगे बढ़ रहा है और विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है, जहां विकास कार्य की आवश्यकता हो और उसे पीछे छोड़ा गया हो। लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा सिंह कॉलोनी के मुख्य मार्ग के निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसे जिला योजना के माध्यम से स्वीकृत कराकर अब धरातल पर उतारा जा रहा है।

विधायक ने कहा कि बरसात के रुकते ही क्षेत्र में कई बड़े डामर मार्गों के निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और आने वाले समय में विकास कार्यों की गति और तेज की जाएगी।

विधायक शिव अरोरा के सिंह कॉलोनी पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। विधायक ने भी मार्ग पर जगह-जगह स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और क्षेत्र की समस्याओं के बारे में जानकारी ली। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्या का अब समाधान होने जा रहा है।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

इस दौरान के के दास,पार्षद सुशील चौहान पार्षद पति गोविन्द राय, रविंद्र धामी, मनमोहन वाधवा, गिरीश जोशी, मुकेश वशिष्ठ, डम्पी चोपड़ा, महेंद्र आर्य, रमा देवी, गुरमीत सिंह संजय आर्य, गणेश सरकार, राजेश कामरा,सोनू गगनेजा, चेतन अरोरा, चेतन कुमार, विकास सागर,मयंक कक्कड़, राजकुमार, रवि पाण्डेय, सुनील यादव, कौशल विश्वास,शुभम अग्रवाल आदि लोग मौजूद रहे।