Latest:
उत्तराखंड

ग्रामीण क्षेत्रों की दुर्गा पूजा कमेटियों को महापौर ने बांटी सहयोग राशि।चार कमेटियों को 21-21 हजार रुपये देकर विकास शर्मा ने पूरी की घोषणा

रुद्रपुर(खबर धमाका)। ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देने तथा दुर्गा पूजा कमेटियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महापौर एवं नीलकंठ धाम के महंत विकास शर्मा ने महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों की चार दुर्गा पूजा कमेटियों को 21-21 हजार रुपये की सहयोग राशि वितरित कर अपनी पूर्व घोषणा को पूरा किया।

ग्राम हरिदासपुर में पूर्व बीडीसी सदस्य मीरा मल्लिक के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा ने धर्मनगर, खानपुर नंबर एक, खानपुर नंबर दो और पिपलिया नंबर एक की दुर्गा पूजा कमेटियों के प्रतिनिधियों को 21-21 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। इस दौरान कमेटियों के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने उनका अभिनंदन कर सहयोग के लिए आभार जताया।

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि धार्मिक आयोजन केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होते, बल्कि इनके माध्यम से समाज में आपसी सद्भाव, एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है। दुर्गा पूजा जैसे आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहन मिलने से स्थानीय स्तर पर लोगों की भागीदारी बढ़ती है और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलता है।

 

उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में जिस तरह धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, उसी तरह रुद्रपुर विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में भी आयोजनों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों की धार्मिक समितियां और आयोजन कमेटियां अपनी परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे में उनका उत्साह बढ़ाना और उन्हें सहयोग देना जरूरी है।

 

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में सनातन संस्कृति और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में भी इस दिशा में निरंतर काम किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत का महत्व समझाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

 

सहयोग राशि प्राप्त करने के बाद चारों दुर्गा पूजा कमेटियों के प्रतिनिधियों ने महापौर का अभिनंदन किया और उनकी पहल के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह का सहयोग धार्मिक आयोजनों को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में मददगार होगा और कमेटियों का उत्साह भी बढ़ेगा।

 

कार्यक्रम में पूर्व बीडीसी सदस्य मीरा मल्लिक, दुलाल मल्लिक, ग्राम प्रधान शुभ मंगल राय, ग्राम प्रधान ओमियो, चारों दुर्गा पूजा कमेटियों के अध्यक्ष, रोमिंग हालदार, निमाई बाला, कृष्णकांत हालदार, आश्रित हालदार, मधुसूदन मुखर्जी, कार्तिक मंडल, सुखदेव मंडल, राजकुमार मंडल, राम देवदास, सुमित वसु, कमल हालदार, अमन विर्क, पार्षद पवन राणा, बीनू, गौरव जुयाल, प्रवीन यादव और विजय तोमर सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

Advertisement