रुद्रपुर इलेक्ट्रिकल्स एसोसिएशन ट्रस्ट द्वारा द्वितीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन कल
रुद्रपुर(खबर धमाका)। रुद्रपुर इलेक्ट्रिकल्स एसोसिएशन ट्रस्ट द्वारा द्वितीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन दिनांक 27 जुलाई, प्रातः 11:00 बजे लक्ष्मी नारायण मंदिर (पांच मंदिर), मुख्य बाजार, रुद्रपुर में किया जाएगा।
यह रक्तदान शिविर गर्ग इलेक्ट्रिकल्स के स्वामी श्री मांगेराम गर्ग एवं उनके परिवार द्वारा उनकी पूज्य माता स्वर्गीय श्रीमती अंगूरी देवी जी की पावन स्मृति में आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर रुद्रपुर इलेक्ट्रिकल्स एसोसिएशन ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री प्रभात खुराना ने कहा कि “रक्तदान महादान है। हमारे द्वारा दिया गया एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है।” उन्होंने सभी धार्मिक, सामाजिक, व्यापारिक एवं राजनीतिक संगठनों से आग्रह किया कि वे इस स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक सहयोग करें तथा अपनी-अपनी संस्थाओं के युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करें। इससे समाज में मानव सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जन-जागरूकता का सकारात्मक संदेश प्रसारित होगा।
रुद्रपुर इलेक्ट्रिकल्स एसोसिएशन ट्रस्ट ने संस्था के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं स्वयंसेवकों सहित नगरवासियों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने तथा अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर मानव जीवन की रक्षा में अपना अमूल्य योगदान देने की अपील की है।
इस अवसर पर रुद्रपुर इलेक्ट्रिकल्स एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी श्री मयंक माटा ने भी समाज के सभी युवा साथियों से रक्तदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “रक्तदान केवल रक्त देना नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को जीवन देने का सबसे बड़ा मानवीय उपहार है। आपके द्वारा किया गया एक रक्तदान किसी उजड़ते हुए परिवार की खुशियाँ लौटा सकता है। मैं सभी युवाओं से आग्रह करता हूँ कि वे आगे आएँ, अधिक से अधिक रक्तदान करें और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनें। आइए, मानवता की इस सेवा में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।”
