उधमसिंह नगर

ट्रांजिट कैंप में फिर एक युवक ने फांसी लगाकर दी जान

रुद्रपुर(खबर धमाका)। थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घर में ही फंदा लगाकर लटक गया। परिजनों की नजर उस पड़ी तो उनके होश उड़ गए। उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों से जानकारी लेने के बाद शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक ट्रांजिट कैंप विवेक नगर निवासी सुदेश मलिक राजमिस्त्री का काम करते है। मंगलवार सुबह वह काम पर चले गए थे।पत्नी कृष्णा और छोटा पुत्र किशन घर से बाहर कहीं गए हुए थे। 22 वर्षीय बड़ा पुत्र विश्वजीत मलिक घर में ही था। इसी बीच कुछ देर बाद जब किशन घर पहुंचा तो विश्वजीत नहीं मिला। इस पर उसने दरवाजा खोला तो अंदर से बंद था। उसने काफी आवाज लगाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं आया तो उसने झांक कर देखा कि विश्वजीत फंदे से लटका देखा। यह देख उसके होश उड़ गए। थोड़ी देर में उसकी मां कृष्णा समेत आसपास के लोग पहुंच गए। लोगों ने दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से उतारा और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसआई महेश कांडपाल, एसआई विजय कुमार पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से जानकारी ली। एसआई महेश कांडपाल ने बताया कि परिजनों ने बताया विश्वजीत मलिक ट्रांजिट कैंप की ही एक युवती से बात करता था। इसका पता चलते ही उन्होंने और युवती के परिजनों ने इसका विरोध किया था। बाद में उन्होंने विश्वजीत को नौकरी के लिए दिल्ली भेज दिया था। विश्वजीत रविवार को वापस घर आ गया था। पुलिस का कहना है कि मृतक के पास सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस जांच कर रही है।