Latest:
उधमसिंह नगर

कुमाऊं एसटीएफ की एएनटीएफ यूनिट की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 172.80 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर दबोचा

रुद्रपुर(खबर धमाका)। एसटीएफ कुमाऊं की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने स्मैक की डिलीवरी देने आया तस्कर को दबोच लिया। उसके पास से 172.80 ग्राम स्मैक बरामद हुई। तस्कर नैनीताल जनपद में सप्लाई के लिए आने वाले व्यक्ति का इंतजार कर रहा था। किच्छा कोतवाली में तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया है। एसटीएफ कुमाऊं की एएनटीएफ यूनिट नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई कर रही। सोमवार शाम एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एसटीएफ के एसआई विपिन जोशी के साथ हेड कांस्टेबल मनमोहन सिंह को लालपुर में स्मैक की तस्करी की सूचना मिली। इस पर यूनिट ने लालपुर में घेराबंदी कर संदिग्ध को दबोच लिया। एसटीएफ की सूचना पर समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध भी मौके पर पहुंच गए। समाज कल्याण अधिकारी की मौजूदगी में संदिग्ध की तालाशी में एसटीएफ ने उसके पास से 172.80 ग्राम स्मैक बरामद कर ली। पकड़े गए तस्कर ने अपना नाम भगवान दास पुत्र दयानंद निवासी आवास विकास किच्छा बताया। पूछताछ में उसने बताया बरामद स्मैक लालपुर निवासी अमन व दरऊ निवासी सावेज उर्फ समीर पुत्र असलम पठान से खरीद कर लाया हूं। वह बरामद स्मैक की डिलीवरी हल्द्वानी सहित कुमाऊं के अन्य जनपदों में करता है। बरामद स्मैक की डिलीवरी हल्द्वानी निवासी अर्जुन को देने के लिए वह उसका इंतजार कर रहा था। स्थानीय स्तर पर नशा कारोबार करने वाले को पकड़ एसटीएफ ने नशा तस्करी की कमर तोड़ने का काम किया है। एसटीएफ को पकड़े गए तस्कर से स्थानीय चेन के संबंध में अहम जानकारी मिली है। जिसके आधार पर एसटीएफ तस्करों की खोजबीन में जुट गई है।