*भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने वार्ड संख्या 17, 18 एवं 19 में आधा दर्जन से अधिक नुक्कड़ सभाओं को संबोधित कर जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील*
किच्छा(खबर धमाका)। नगर पालिका परिषद किच्छा के अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा के समर्थन में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने वार्ड संख्या 17, 18 एवं 19 में आधा दर्जन से अधिक नुक्कड़ सभाओं को संबोधित कर जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। इस दौरान वार्ड 17 की सभासद प्रत्याशी श्रीमती पूजा गंगवार सहित पार्टी के अन्य प्रत्याशी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि किच्छा की जनता ने लंबे समय से नगर के विकास और जनसुविधाओं की अपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता ऐसे नेतृत्व की है जो नगर की मूलभूत समस्याओं को समझे, जनता के बीच रहे और विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करे। शुक्ला ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि नगर पालिकाध्यक्ष पद पर लंबे समय से कांग्रेस का नेतृत्व और पिछले पांच वर्षों से कांग्रेस का विधायक होने के बावजूद चुनाव में स्थानीय विकास, सड़क, नाली, स्वच्छता, जल निकासी और अन्य जनसुविधाओं के ठोस मुद्दों पर चर्चा कम दिखाई दे रही है। उनके अनुसार, चुनाव को व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप और भाजपा प्रत्याशी के संबंध में नकारात्मक प्रचार तक सीमित करना उचित नहीं है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे आरोपों के बजाय प्रत्याशियों के कार्य, सोच और नगर के भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखकर अपना निर्णय लें। कहा कि किच्छा के विकास को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ने अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। शुक्ला ने कहा कि धामी सरकार की प्राथमिकता सुशासन, विकास, निवेश, जनसेवा और राज्य के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों को आगे बढ़ाना रही है। राज्य में यूसीसी लागू करने, भूमि कानून में संशोधन, महिला आरक्षण, ऑनलाइन जनसेवाओं के विस्तार और प्रशासनिक सुधार जैसे कदम उठाए गए हैं।
पूर्व विधायक ने कहा कि किच्छा जैसे तेजी से विकसित हो रहे नगर के लिए स्थानीय निकाय में भी ऐसी टीम आवश्यक है जो प्रदेश सरकार के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास की योजनाओं को गति दे सके। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा को अवसर मिलने पर नगर के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान भाजपा पालिकाध्यक्ष प्रत्याशी संदीप अरोड़ा ने भावुक होकर जनता से आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि लगभग 15 वर्ष पूर्व वे कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और उस समय परिस्थितियां बेहद कठिन थीं। उन्होंने कहा कि किच्छा की जनता के प्रेम, आशीर्वाद और शुभकामनाओं से उन्होंने उस कठिन दौर को पार किया और आज भी पूरी ऊर्जा के साथ समाज एवं नगर की सेवा करने का संकल्प लेकर जनता के बीच खड़े हैं। कहा कि उन्हें सबसे अधिक पीड़ा तब होती है जब बीमारी जैसी गंभीर परिस्थिति को लेकर उनका मजाक बनाया जाता है। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि मैं किसी से सहानुभूति नहीं, बल्कि जनता से न्याय और आशीर्वाद मांगने आया हूं। मैं किच्छा की सेवा करना चाहता हूं और नगर के विकास में अपना योगदान देना चाहता हूं। जनता जनार्दन होती है और अंतिम निर्णय जनता का ही होता है। उनका लक्ष्य व्यक्तिगत राजनीति नहीं बल्कि किच्छा के विकास, स्वच्छता, बेहतर जनसुविधाओं और नगर की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करना है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आगामी 22 सितंबर को अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। किच्छा नगर पालिका चुनाव में मतदान 22 सितंबर को निर्धारित है।
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोराया ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा और वार्डों के पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनता के बीच पहुंच रहे हैं। उन्होंने मतदाताओं से 22 सितंबर को कमल के फूल के सामने मोहर लगाकर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
कार्यक्रम को भाजपा के वरिष्ठ नेता सुभाष तनेजा एवं लवी सहगल ने भी संबोधित किया। इस दौरान अविरल तिवारी, जितेंद्र गौतम, मुकेश कोली, सुरेंद्र चौधरी, मूलचंद राठौर, कमलेश राठौर, दिलीप जीना, सतीश गुप्ता, साहिल अरोरा, नितिन गुप्ता, कैलाश गंगवार, चेतन गंगवार, अंशुल गंगवार, सुनीता गंगवार, करुणा तिवारी, भावना गुप्ता, श्याम सिंह यादव, केतन, राजेश कोली, धनीराम, हीरालाल, जितेंद्र, अमरनाथ, हंसराज, सुनील पांडे, श्याम सुंदर, देवेंद्र शर्मा, प्रकाश पंत, धीरेंद्र, मनीष, मनन अरोड़ा, प्रकाश अरोड़ा, मयंक, जितेंद्र, मनमोहन, अनिल समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक एवं समर्थक उपस्थित रहे।

