Latest:
उधमसिंह नगर

नवरात्र में मांस की बिक्री पर प्रतिबंध के फैसले का गौ रक्षक दल ने किया स्वागतमहापौर विकास शर्मा का अभिनंदन कर जताया आभार

रुद्रपुर(खबर धमाका)। नवरात्र पर्व के दौरान शहर में मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के निर्णय को लेकर गौ रक्षक दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने महापौर विकास शर्मा का अभिनंदन कर आभार व्यक्त किया। इस दौरान गौ रक्षक दल के विराट आर्या के नेतृत्व में पहुंचे युवाओं ने महापौर के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे नवरात्र की धार्मिक मान्यताओं और सनातन परंपराओं के अनुरूप बताया। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के सचिन, बजरंग दल के गौरव सहित विभिन्न संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि नवरात्र हिंदू समाज के लिए आस्था, साधना और आत्मसंयम का विशेष पर्व है। ऐसे में इस दौरान शहर में मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय धार्मिक भावनाओं के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने महापौर का अभिनंदन करते हुए सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि गौ रक्षक दल, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य संगठनों से जुड़े युवा साथियों का पहुंचकर आभार व्यक्त करना उनके लिए उत्साहवर्धक है। उन्होंने कहा कि नवरात्र में मांस की बिक्री बंद करने का निर्णय धार्मिक परंपराओं के सम्मान की भावना से लिया गया है। सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

महापौर ने कहा कि आदि-अनादि काल से सत्य और असत्य के बीच संघर्ष चलता आया है। प्राचीन काल में भी ऋषि-मुनियों के यज्ञ और हवन में विघ्न डालने के प्रयास होते थे, लेकिन इसके बावजूद धार्मिक परंपराएं और आस्था निरंतर आगे बढ़ती रहीं। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। साथ ही उन्होंने विरोध करने वालों के प्रति भी सद्बुद्धि की कामना करते हुए कहा कि बजरंगबली उन्हें सनातन धर्म की परंपराओं और उसके महत्व को समझने की प्रेरणा दें।

 

महापौर ने कहा कि विभिन्न संगठनों के युवाओं का समर्थन मिलने से सनातन संस्कृति के लिए और अधिक कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने शहर में त्रिशूल और डमरू स्थापित करने तथा गांधी पार्क का नाम श्रीराम पार्क किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कार्यों को लेकर चाहे कितनी भी आलोचना हो, धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के प्रयास जारी रहेंगे।

 

विकास शर्मा ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल धर्म की आड़ में तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि वामपंथी विचारधारा, कांग्रेस और अन्य दलों से जुड़े लोगों की आलोचनाओं से उनके प्रयास प्रभावित नहीं होंगे। वह सनातन संस्कृति के संरक्षण और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए काम करते रहेंगे।

महापौर ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सबसे बड़ी निर्णायक है। कौन अच्छा काम कर रहा है और कौन गलत, इसका फैसला जनता अपने विवेक से करेगी। उन्होंने कहा कि जनहित और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है।

कार्यक्रम के दौरान गौ रक्षक दल, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने महापौर का आभार व्यक्त करते हुए धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।