Latest:
उत्तराखंड

खटीमा में जासेस क्लब आयोजित करेगा “स्वर समर्पण–सुरों की कोकिला” कार्यक्रम

खटीमा/ऊधमसिंहनगर (खबर धमाका)।क्षेत्र की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से वर्ष 2023 में स्थापित जासेस क्लब लगातार सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन कर रहा है। क्लब की स्थापना अध्यक्ष श्री लक्ष्मीकांत लोहनी, उपाध्यक्ष श्री अनिल गुप्ता एवं सचिव कुमारी रितु जोशी द्वारा की गई थी।

क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि जासेस क्लब का मुख्य उद्देश्य समाज में मौजूद प्रतिभाशाली कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराना है। पिछले तीन वर्षों से क्लब द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया जा रहा है।

वर्ष 2023 में क्लब ने अपने पहले बड़े आयोजन “जासेस टैलेंट हंट” से शुरुआत की थी, जिसमें गायन , नृत्य ,मॉडलिंग और अभिनय जैसी चार प्रमुख प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम को प्रतिभागियों एवं दर्शकों का भरपूर समर्थन मिला।

हाल ही में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अध्यक्ष श्री लक्ष्मीकांत लोहनी, उपाध्यक्ष श्री अनिल गुप्ता एवं सचिव कुमारी रितु जोशी ने जानकारी दी कि क्लब का आगामी कार्यक्रम “स्वर समर्पण – सुरों की कोकिला” भारत रत्न स्वर्गीय लता मंगेशकर जी को समर्पित एक विशेष संगीतमय श्रद्धांजलि होगा।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में हर आयु वर्ग के प्रतिभागी भाग ले सकते हैं। कार्यक्रम हेतु प्रथम ऑडिशन 12 जुलाई 2026 को ए आई एच एम होटल मैनेजमेंट, कंजाबाग, खटीमा में आयोजित किया जाएगा। ऑडिशन का समय प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।

क्लब के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के सभी संगीत प्रेमियों एवं प्रतिभाशाली कलाकारों से इस अवसर का लाभ उठाने तथा अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है।