Latest:
उधमसिंह नगर

चुनाव बहिष्कार की चेतावनी के महज एक घंटे बाद एक्शन में आए मेयर विकास शर्मा! बदहाल सड़क का जायजा लेकर लोनिवि अधिकारियों से की वार्ता। जल्द होगा कीरतपुर की दोनों सड़कों का निर्माण।

रुद्रपुर(खबर धमाका)। रुद्रपुर क्षेत्र कीरतपुर की दो प्रमुख सड़कों की बदहाली और उनके निर्माण में देरी का मामला सोशल मीडिया पर उठने के बाद महापौर विकास शर्मा ने त्वरित संज्ञान लिया। सड़कों की दुर्दशा को लेकर ग्रामीणों की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की घोषणा किए जाने के महज एक घंटे के भीतर महापौर ग्राम सभा कीरतपुर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों के साथ दोनों मुख्य सड़कों का निरीक्षण किया और उनकी समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

महापौर विकास शर्मा ने ग्रामीणों के साथ आनंदम गार्डन वाली सड़क और जैन ग्लोबल स्कूल वाली मुख्य सड़क की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने सड़कों की बदहाली से आवागमन में होने वाली परेशानियों से अवगत कराया। इस पर महापौर ने आनंदम गार्डन वाली सड़क की मरम्मत को प्राथमिकता देते हुए मौके से ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से फोन पर वार्ता की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क का स्थायी पुनर्निर्माण होने तक उसकी पैचिंग कराकर गड्ढों को दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को तत्काल राहत मिल सके।

इसके साथ ही महापौर ने जैन ग्लोबल स्कूल वाली मुख्य सड़क का निर्माण भी जल्द शुरू कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से दोनों सड़कों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने को कहा। लोनिवि अधिकारियों ने जल्द सड़क निर्माण कराने का आश्वासन दिया।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में भी सड़कों की स्थिति सुधारने और लोगों को आवागमन में राहत दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों की जनसमस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।

महापौर ने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन के स्तर पर होना है, उनके लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर कार्रवाई कराई जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर शासन स्तर पर भी मुद्दों को उठाया जाएगा, ताकि समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना, उनकी समस्याओं का समाधान करना और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। जनसमस्याओं को नजरअंदाज करने के बजाय उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर सड़क निर्माण को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करने वाले ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने महापौर के मौके पर पहुंचकर समस्या का जायजा लेने और अधिकारियों से तत्काल वार्ता करने पर आभार व्यक्त किया। ग्राम प्रधान आशीष यादव सहित ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि दोनों सड़कों के निर्माण और मरम्मत का कार्य जल्द पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।

इस दौरान ग्राम प्रधान आशीष यादव, पार्षद पवन राणा, बीनू, नामित पार्षद संदीप वाल्मीकि, राजन राठौर, गौरव जुयाल, प्रवीण यादव, विपिन सैनी, वेद प्रकाश सूर्यवंशी, सुमंता कुमार, कान्हू चरण, छोटे लाल शुक्ला, तपस, रणधीर मलिक, रिंटू, अंतर्यामी, पंकज सिंह, तरुण शर्मा, अनुज द्विवेदी, सन्नी धवन, राम बाबू, जसवीर बसरा, काकू, दिनेश भोज, जसविंदर सिंह, दीप चंद्र जोशी, लोकेंद्र मलिक, भवन सिंह, अनिल लोहनी, आनंद, नीरज, अनुज सैनी, रोहित शर्मा, राम सिंह, आशीष शाह और रामप्रवेश पांडेय सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।