पिता के एटीएम से उड़ाए दस लाख, फिर भाई की कर दी हत्या।जुर्म छुपाने के लिए शव हाई-वे पर रखकर लगा दिया जाम।देहरादून में हैरान करने वाले केस का पुलिस ने दस घंटे में सुलझाइ गुत्थी,
नरेन्द्र राठौर(खबर धमाका)। देहरादून पटेलनगर क्षेत्र के भुड्डी गांव में युवक की हत्या की गुत्थी को दून पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर सुलझाते हुए मृतक के छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि बड़े भाई की डांट-फटकार और मारपीट से नाराज होकर आरोपी ने सुनियोजित तरीके से उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पुलिस के अनुसार मृतक सोहेल हारून की रविवार रात घर के भीतर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शुरुआती तौर पर परिवार की ओर से अज्ञात हमलावरों द्वारा घर में घुसकर हत्या करने की बात कही गई, लेकिन घटनास्थल की जांच और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में कई अहम सुराग मिले। घर के कैमरों की रिकॉर्डिंग डिलीट पाई गई और आसपास के कैमरों में कोई बाहरी व्यक्ति घर में प्रवेश करता नहीं दिखा।
जांच के दौरान पुलिस को घर के बाथरूम से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की देशी पिस्टल बरामद हुई। मृतक के छोटे भाई शाहिद हारून (21) से पूछताछ में विरोधाभासी बयान मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात कबूल कर ली।
10 लाख रुपये उड़ाने के विवाद ने ली जान
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शाहिद नशे और फिजूलखर्ची का आदी था। कुछ दिन पहले उसने पिता के एटीएम कार्ड से कथित तौर पर करीब 10 लाख रुपये निकालकर खर्च कर दिए थे। इस बात का पता चलने पर बड़े भाई सोहेल ने उसकी पिटाई की थी। इसी अपमान और नाराजगी के चलते शाहिद ने हत्या की साजिश रची।
आरोपी ने वारदात से पहले घर के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद कर दी और मौके का फायदा उठाकर अपने भाई को गोली मार दी। हत्या के बाद उसने कहानी गढ़ी कि कोई अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और गोली मारकर फरार हो गया।
पुलिस को भटकाने के लिए शव रखकर कराया हाईवे जाम
हत्या के बाद आरोपी ने गांव के लोगों को उकसाकर अपने भाई के शव को देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दी। पुलिस का कहना है कि यह कदम खुद को पीड़ित दिखाने और जांच को भटकाने के लिए उठाया गया था। इस मामले में आरोपी समेत अन्य नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ भी अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हत्या का खुलासा होने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच टीम की सराहना की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
