किसमें था जहर,शराब की या फिर पानी की बोतल में। मुख्यमंत्री धामी के गृहनगर में दो-दो मौत से मचा कोहराम।
नरेन्द्र राठौर(खबर धमाका)। किसमें था जहर शराब की बोतल में या फिर पानी की बोतल में। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृहनगर खटीमा में दो-दो मौतों के बाद यह पहेली बन चुकी है।जहरीले संदिग्ध पेय के सेवन से दो लोगों की मौत हो गई। वही एक युवक हालत गंभीर बनी हुई है। युवक की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 8 पीएम ब्लैक के दो खाली क्वार्टर, एक खाली आधा बोतल, एक संदिग्ध प्लास्टिक बोतल, उल्टी के नमूने को सील कर कब्जे में लिया।
गुरूवार देर रात पार्वती पैलस स्वामी ढिल्लू राणा(52) पुत्र स्वर्गीय बादाम सिंह निवासी कंजाबाग उमरूखुर्द, मलकीत सिंह राणा(60)पुत्र ठग्गू सिंह राणा निवासी भगचूरी व अधिवक्ता प्रवेश मौर्या निवासी सत्रहमील(भगचूरी) सैजना गांव में एक शादी समारोह से वापस लौटे थे। जिसके बाद उन्हांने कंजाबाग चौराहे स्थित एक अंग्रेजी शराब की दुकान से शराब खरीदी और कंजाबाग स्थित पार्वती पैलेस के पास बैठकर शराब पी। पीते ही उन्हे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। वहीं उल्टियां करने लगे। हालत बिगड़ने पर श्रवण कुमार नामक युवक तीनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक डॉ. वीपी सिंह ने ढिल्लू राणा को मृत घोषित कर दिया। वहीं मलकीत सिंह राणा एवं प्रवेश मौर्या की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। राममूर्ति स्मारक अस्पताल, भोजीपुरा उपचार के दौरान मलकीत सिंह राणा की मौत हो गई। वहीं अधिवक्ता प्रवेश मौर्या की हालत गंभीर बनी हुई है। देर रात घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र शाह, वरिष्ठ उप निरीक्षक ललित मोहन सिंह रावल पुलिस टीम के उप जिला चिकित्सालय पहुंचे और मृतक ढिल्लू राणा के शव को मोर्चरी में रखवा दिया। चिकित्सक डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि मृतक व घायलों से तीव्र मिथाइल अल्कोहल केमिकल जैसी गंध आ रही थी। जिससे यह आशंका है कि उन्होंने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। वहीं मृतक मलकीत सिंह राणा के शव का पोस्टमार्टम बरेली में हुआ। जबकि प्रवेश मोर्या का उपचार राममूर्ति स्मारक अस्पताल भोजीपुरा बरेली में चल रहा है।
मृतक ढिल्लू सिंह राणा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के श्रद्धा जागरण प्रमुख व वनवासी कल्याण आश्रम के माध्यम से सितारगंज में स्थित मीरा बारह राणा सेवा संस्थान के वह पदाधिकारी भी थे। मृतक ढिल्लू अपने पीछे पत्नी मीना राणा, पुत्री वैष्णवी व वैशाली को रोता बिलखता छोड़ गए है।
खबर का बॉक्स
खटीमा। सीओ भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मौके से बरामद सामग्री को विधिवत सील कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। प्रथमदृष्टता प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि मृतकों और घायलों के पास गाड़ी में एक बोतल ममें संदिग्ध रासायनिक तरल था, जिसे उन्होंने पानी समझकर शराब में मिलाकर पी लिया था। मामले की जांच की जा रही है।
खबर का बॉक्स
खटीमा। एसडीएम तुषार सैनी ने बताया कि डीएम के आदेश पर मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए है और इस मामले में मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी है। एसडीएम सैनी ने बताया कि कंजाबाग रोड स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान को सीज कर दिया गया है।
