Latest:
उत्तराखंडउधमसिंह नगर

बडी खबर,ऊधमसिंहनगर में बाघ ने व्यक्ति को बनाया निवाला।शव को बाघ के मुंह से छुड़ाने के लिए वन विभाग को करनी पड़ी फायरिंग। पत्नी व बच्चों के साथ सीकें बीनने गया था मृतक

नरेन्द्र राठौर 

रुद्रपुर (खबर धमाका)‌। ऊधमसिंहनगर के खटीमा स्थित सुराई वन रेंज में बाघ ने सीक बीनने गए एक व्यक्ति को अपना निवाला बना लिया,बाघ के मुंह से लाश को छुड़ाने के लिए वन विभाग को 25 राउंड फायरिंग करनी पड़ी। खटीमा में बाघ इससे पहले भी कई लोगों की जान ले चुका है।

जानकारी के मुताबिक रविवार को हरनंदन पुत्र मूलचंद ग्राम महोफ थाना हुसैनपुर न्यूरिया उम्र 52 साल अपनी पत्नी नन्नी देवी और दो अन्य लोगो के साथ खटीमा की सुरई रेंज में कक्ष संख्या 47 बी बीट पंचम में सीक बीनने आया था। लगभग 12 बजे अचानक बाघ ने हरनंदन के ऊपर हमला बोल दिया और उसे जंगल में खीच कर ले गया। उसकी पत्नी नन्ही देवी जंगल से गांव की ओर चीखती पुकारती दौड़ पड़ी और सूचना वन विभाग के वाचर जागन को दी। बाघ के हमले की घटना से आसपास के गांव में दहशत फैल गई। वाचर जागन ने सूचना रेंज अधिकारी आर एस मनराल को दी जिस पर रेंजर स्वयं तत्काल डिप्टी रेंजर सतीश रेखाड़ी ,वन दरोगा अजमत खान के साथ समस्त स्टाफ सहित मौके पर पहुंचे। हरनन्दन की लाश को ढूंढने के लिए बख्तरबंद ट्रैक्टर मंगाया गया । जंगल के 200 मीटर अंदर जाकर बाघ उसकी लाश के पास नजर आया । बाघ को हटाने के लिए 25 राउंड फायरिंग के बाद बमुश्किल दो घंटे बाद हरनंदन की लाश को कब्जे में लिया गया। घटना की सूचना सत्रह मील पुलिस चौकी को दी गई। पुलिस ने पंचनामा भरने की कार्यवाही कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रेंज अधिकारी आर एस मनराल ने बताया की घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। जो उचित मुआवजा है वह परिजनों को दिए जाने की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने ग्राम वासियों से जंगल में अकेले नहीं जाने की अपील की है। आसपास के गांव रमकोला, नबदिया, सरपुड़ा में सावधानी रखने की मुनादी कराई जा रही है। इधर हरनंदन की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।