Latest:
उधमसिंह नगर

विकसित भारत के संकल्प के साथ जोर शोर से निकली भव्य सेवा ज्योति यात्रा* *सिटी क्लब में विकसित भारत संकल्प सभा, पीएम मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया वर्चुअल संबोधन* गाबा चौक को ‘सेवा ज्योति चौक’ के रूप में विकसित करने का महापौर विकास शर्मा ने किया ऐलान।

रुद्रपुर(खबर धमाका)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को रुद्रपुर में ‘मोदी जी के 25 वर्ष : जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ की भावना को समर्पित विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। सिटी क्लब में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के बाद सेवा ज्योति यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गाबा चौक पहुंची। यहां जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों ने संबोधित करते हुए विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के जिला संयोजक रुद्रपुर महापौर विकास शर्मा तथा सह संयोजक जिला मीडिया प्रभारी विजय तोमर रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुआ। इस दौरान भाजपा महिला नेत्रियों द्वारा प्राकृतिक मसालों एवं विभिन्न अनाजों से तैयार की गई आकर्षक रंगोली भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा के कार्यों तथा देश में हुए विकास कार्यों पर प्रकाश डाला गया। वर्चुअल माध्यम से राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का संबोधन हुआ, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए ‘विकसित भारत @2047’ के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया।

इसके बाद वरिष्ठ नेताओं द्वारा सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। राष्ट्रगान के पश्चात सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा में सेवा ज्योति की मशाल लेकर शहर के प्रतिभावान खिलाड़ी लक्ष्मण सिंह सबसे आगे चले। उनके पीछे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं जनसमुदाय ‘विकसित भारत’ के नारों के साथ आगे बढ़ा।

 

सेवा ज्योति यात्रा सिटी क्लब से रवाना होकर बाईपास मार्ग, मुख्य बाजार और काशीपुर रोड होते हुए गाबा चौक पहुंची। रास्ते में कार्यकर्ताओं एवं लोगों ने विकसित भारत के संकल्प के साथ यात्रा में सहभागिता की। गाबा चौक पर आयोजित सभा में भाजपा नेताओं ने जनसेवा को राष्ट्रसेवा से जोड़ते हुए वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही।

 

प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कार्यक्रम और सेवा ज्योति यात्रा के सफल आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। इस अवधि में देश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में नई दिशा और गति हासिल की है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत @2047’ का संकल्प केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से जुड़ा राष्ट्रीय संकल्प है। सेवा ज्योति इसी संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और समाज को राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा और समर्पण की भावना के साथ विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

 

गाबा चौक पर आयोजित सभा में जिला संयोजक एवं रुद्रपुर महापौर विकास शर्मा ने गाबा चौक को ‘सेवा ज्योति चौक’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से चौक को विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा और चौक के विकास के बाद यहां सेवा ज्योति को स्थायी रूप से प्रज्वलित किया जाएगा। महापौर ने कहा कि फिलहाल पवित्र सेवा ज्योति को नीलकंठ धाम मंदिर में स्थापित किया जाएगा। चौक के विकास की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसी ज्योति को सेवा ज्योति चौक पर स्थापित किया जाएगा।

महापौर ने कहा कि सेवा ज्योति केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प है। गाबा चौक को सेवा ज्योति चौक के रूप में विकसित किए जाने से यह स्थान शहर में इस संकल्प के प्रतीक के रूप में अपनी अलग पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब विकास के साथ समाज में सेवा और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होगी।

 

रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से पूरा होने वाला राष्ट्रीय लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा जनसेवा, राष्ट्रसेवा और विकसित भारत के संकल्प को समाज के बीच ले जाने का माध्यम है। उन्होंने यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं और आमजन का आभार जताया।

 

भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की यात्रा जनसेवा से राष्ट्रसेवा की भावना को समर्पित रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग और संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। उन्होंने सेवा ज्योति यात्रा को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

 

कार्यक्रम में प्रदेश संयोजक कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा,जिला संयोजक महापौर विकास शर्मा, सह संयोजक जिला मीडिया प्रभारी विजय तोमर, , विधायक शिव अरोड़ा, जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, काशीपुर जिला अध्यक्ष मनोज पाल, जिला प्रभारी खिलेन्द्र चौधरी, जिला सह प्रभारी साकेत अग्रवाल, काशीपुर प्रभारी पुष्कर सिंह काला, काशीपुर सह प्रभारी भारत भूषण चुग, जिला महामंत्री तरुण दत्ता एवं रमेश जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीपाल राणा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बलराज पासी, गदरपुर विधायक अरविंद पांडे, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, काशीपुर नगर अध्यक्ष दीपक बाली, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, राजेश कुमार, शैलेंद्र सिंघल, पुष्पेंद्र सिंह राणा, प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक, जिला कोषाध्यक्ष रोशन अरोड़ा, अक्षय अरोरा, पार्षद पवन राणा पार्षद बीनू,पार्षद प्रमोद शर्मा, पार्षद विष्णु, पार्षद जग्गा, मानवेन्द्र रॉय, मुकेश रस्तोगी, मौर्य मौर्या, सुनील, संदीप, नूरुद्दीन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।