Latest:
उधमसिंह नगर

आदि कैलाश यात्रियों का त्रिशूल चौक पर भव्य स्वागत।आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित हो रहा है रूद्रपुरः विकास शर्मा

रुद्रपुर(खबर धमाका)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर संघ चालक सुशील सिंघला के नेतृत्व में आदि कैलाश यात्रा पर जा रहे तीर्थ यात्रियों के दल का शुक्रवार को त्रिशूल चौक पर महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान तीर्थ यात्रियों का फूल मालाओं से अभिनंदन किया गया तथा सभी यात्रियों ने चौक पर स्थापित विशाल त्रिशूल के दर्शन कर पुष्प अर्पित किए। यात्रियों ने त्रिशूल चौक के भव्य स्वरूप की सराहना करते हुए इसे शहर की आध्यात्मिक पहचान को मजबूत करने वाली पहल बताया।

https://www.facebook.com/share/p/1HMwRm4BcR/

https://www.facebook.com/share/v/1JBdc6hW7v/

ऊपर दिए लिंक में देखिए पूरी खबर 

इस अवसर पर नगर संघ चालक सुशील सिंघला ने कहा कि वर्ष 2006 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का एक प्रशिक्षण शिविर रूद्रपुर में आयोजित हुआ था, जिसमें उन्होंने स्वयं प्रशिक्षक के रूप में भाग लिया था। उस समय विकास शर्मा ने भी एक सप्ताह का प्रशिक्षण प्राप्त किया था। उन्होंने कहा कि तभी उनकी नेतृत्व क्षमता और कार्यशैली की झलक दिखाई देने लगी थी। संगठन ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और आज वह रूद्रपुर के महापौर के रूप में शहर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महापौर ने त्रिशूल चौक को जिस भव्य स्वरूप में विकसित किया है, उससे शहर को नई पहचान मिली है। कुमाऊं और पर्वतीय क्षेत्रों के प्रमुख देवस्थलों की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु यहां स्थापित विशाल त्रिशूल के दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त कर रहे हैं। यह स्थल अब श्रद्धा और आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि आज का दिन दोहरी खुशी लेकर आया है। एक ओर तीर्थ यात्रियों का दल त्रिशूल चौक से होकर आदि कैलाश यात्रा के लिए रवाना हो रहा है, वहीं दूसरी ओर रूद्रपुर के पूर्व मेयर रामपाल सिंह राज्य मंत्री का दायित्व ग्रहण करने के लिए देहरादून रवाना हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा रामपाल सिंह को राज्य मंत्री का दर्जा दिया जाना उनके लंबे जनसेवा अनुभव और कार्यों पर विश्वास का प्रमाण है। महापौर ने कहा कि रामपाल सिंह ने रूद्रपुर के विकास में जो भूमिका निभाई, अब उसी अनुभव और कार्यशैली का लाभ पूरे प्रदेश को मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य स्तरीय दायित्व मिलने के बाद भी रामपाल सिंह प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

महापौर ने आदि कैलाश यात्रा पर जा रहे सुशील सिंघला और उनके परिवार सहित सभी यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यात्रा मंगलमय और सफल हो, यही सभी की कामना है। महापौर ने कहा कि नगर को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। त्रिशूल चौक के बाद अब डमरू चौक और शिव कॉरिडोर के निर्माण की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही शहर में आकर्षक प्रवेश द्वार विकसित करने तथा तीर्थ यात्रियों के लिए अतिथि गृह बनाने की योजना भी तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि रूद्रपुर कुमाऊं का प्रवेश द्वार है और आने वाले समय में यह क्षेत्र पर्यटन एवं तीर्थाटन की दृष्टि से विशेष पहचान बनाएगा। देश और विदेश से आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु यहां से सकारात्मक अनुभव और अच्छी यादें लेकर जाएंगे।

इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि महापौर विकास शर्मा ने अपने दूरदर्शी दृष्टिकोण से इस चौक को त्रिशूल चौक के रूप में भव्य पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के त्रिशूल की स्थापना शहर के लिए गौरव का विषय है और यह स्थल लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों के माध्यम से शहर की पहचान को मजबूत करने का यह प्रयास सराहनीय है।

कार्यक्रम में राहुल बंसल, सरोज सिंघला, नरेश, पवन, कौशल अग्रवाल, देवभूमि व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह, भाजपा मंडल महामंत्री पारस वुघ, गौरव जुयाल, पार्षद विष्णु सिंह, घनश्याम श्यामपुरिया, रोहित मित्तल, पार्षद चिराग कालरा, संदीप वाल्मीकि, एडवोकेट गुरदीप सिंह, प्रहलाद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।