पिथौरागढ़ में आपसी विवाद में पुत्र ने पिता के सिर में मारा हथौड़ा, उपचार दौरान मौत। मृतक के भतीजे की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
रचना राठौर(खबर धमाका) पिथौरागढ़ में जिला मुख्यालय से लगभग 17 किलोमीटर दूर पुरान (जाख पुरान) गांव में पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद ने दुखद रूप ले लिया। विवाद के दौरान पुत्र ने अपने पिता पर हथौड़े से हमला कर दिया। जिससे घायल पिता की उपचार के दौरान मौत हो गई।
एसएचओ ललित मोहन जौशी ने बताया कि पुरान निवासी 50 वर्षीय बिशन राम का अपने 28 वर्षीय बेटे गौरव कुमार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान बेटे गौरव कुमार ने हथौड़े से पिता पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शनिवार सुबह उनके भतीजे सूरज कुमार की ओर से डायल 112 पर सूचना देने के साथ ही घायल अवस्था में बिशन राम को जिला अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद उन्हें वार्ड में शिफ्ट किया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद
उन्होंने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मृतक बिशन राम अपने बड़े बेटे के बच्चों के साथ ऐचोली में किराए के मकान में रहते थे और क्षेत्र में मजदूरी का काम करते थे। उनका बड़ा बेटा दिल्ली में है और छोटा बेटा गांव के मकान में रहता है। शुक्रवार को बिशन राम काम के सिलसिले में पुरान गांव में गए थे। काम समाप्त करने के बाद वह अपने छोटे बेटे के कमरे में गए। कोतवाल ने बताया कि भतीजे सूरज कुमार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गौरव कुमार के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
