वोविनाम प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष, उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद श्री कुलदीप सिंह बुटोला से की मुलाकात, राज्य योजनाओं में खेल को सम्मिलित करने का रखा प्रस्ताव
रुद्रपुर(खबर धमाका)। वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पवेलियन ग्राउंड स्थित कार्यालय, देहरादून में अध्यक्ष, उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद कुलदीप सिंह बुटोला से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने वोविनाम खेल को माननीय मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना एवं खेल महाकुंभ में सम्मिलित करने हेतु ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एसोसिएशन के अध्यक्ष ऋषिपाल भारती, महासचिव विनोद लखेरा एवं टेक्निकल डायरेक्टर देवेंद्र रावत, अमित चौधरी ने किया।
इस अवसर पर कुलदीप सिंह बुटोला जी ने कहा “उत्तराखंड के खिलाड़ी हर खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। वोविनाम जैसे ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (O.C.A.) द्वारा मान्यता प्राप्त खेल में हमारे युवाओं की रुचि देखकर प्रसन्नता हुई। खेल परिषद का प्रयास है कि प्रत्येक मान्यता प्राप्त खेल को समान अवसर मिले। वोविनाम एसोसिएशन द्वारा दिया गया प्रस्ताव अत्यंत महत्वपूर्ण है। हम इसका परीक्षण कर नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी मुख्यधारा से जुड़ सकें। खिलाड़ियों की उपलब्धियां ही हमारा प्रोत्साहन हैं।”
वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के महासचिव विनोद लखेरा एवं टेक्निकल डायरेक्टर श्री देवेंद्र रावत ने संयुक्त रूप से कहा “हम अध्यक्ष कुलदीप बुटोला के सकारात्मक रुख के लिए आभारी हैं। वोविनाम खेल उत्तराखंड में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। हमारे खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में लगातार पदक अर्जित कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। वर्ष 2009 के एशियाई इंडोर गेम्स एवं वर्ष 2016 के एशियाई बीच गेम्स में यह मुख्य खेल रहा है। ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में भी वोविनाम को स्थान मिला है।”
आगे अध्यक्ष ऋषिपाल भारती ने बताया कि 20 से 24 अगस्त 2026 तक जम्मू-कश्मीर में होने वाली 15वीं नेशनल वोविनाम चैंपियनशिप हेतु उत्तराखंड टीम का चयन हो चुका है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पूर्व 15 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर प्रस्तावित है। यदि वोविनाम को मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना एवं खेल महाकुंभ में स्थान मिलता है, तो राज्य के 8 से 21 वर्ष तक के सैकड़ों खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति, किट एवं मंच मिलेगा। यह देवभूमि में खेल संस्कृति के विस्तार की दिशा में ऐतिहासिक कदम होगा।” प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष महोदय को एसोसिएशन की गतिविधियों एवं भविष्य की योजनाओं से भी अवगत कराया। अध्यक्ष कुलदीप बुटोला ने खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय चैंपियनशिप हेतु शुभकामनाएं दीं।
